चंडीगढ़। हरियाणा में आज मंगलवार, 3 नवंबर को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में कैबिनेट की अहम बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक सुबह 11 बजे हरियाणा सिविल सचिवालय की चौथी मंजिल स्थित मुख्य समिति कक्ष में निर्धारित है। इसमें कैबिनेट मंत्रियों के साथ वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल होंगे
बैठक में विभिन्न विभागों के महत्वपूर्ण प्रस्ताव चर्चा और मंजूरी के लिए रखे जा सकते हैं। मुख्यमंत्री के हालिया गुजरात दौरे के दौरान हरियाणा के लिए 50 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव सामने आए थे। ऐसे में इन प्रस्तावों को आगे बढ़ाने और उन्हें धरातल पर उतारने की कार्ययोजना पर चर्चा होने की संभावना है
गुजरात से मिले निवेश प्रस्तावों पर रहेगी नजर
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के दो दिवसीय गुजरात दौरे के दौरान अलग-अलग औद्योगिक क्षेत्रों में निवेश के प्रस्ताव मिले थे। इनमें रक्षा, रियल एस्टेट, तेल एवं गैस, सेमीकंडक्टर, कृषि और खाद्य प्रसंस्करण जैसे क्षेत्र शामिल हैं।
रिपोर्टों के अनुसार, पूरे दौरे के दौरान 50 हजार करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्ताव मिले, जबकि कुछ प्रमुख क्षेत्रों में करीब 25 हजार करोड़ रुपये के प्रस्ताव शामिल थे। कैबिनेट बैठक में इन प्रस्तावों को आगे बढ़ाने के लिए संबंधित विभागों की भूमिका और आवश्यक प्रक्रियाओं पर चर्चा हो सकती है।
अमित शाह के दौरे को लेकर भी तैयारियां
5 नवंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित हरियाणा दौरे को लेकर भी राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां तेज हैं। उनके दौरे से जुड़े कार्यक्रमों की तैयारियों पर भी प्रदेश की नजर बनी हुई
रोडवेज कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल भी अहम मुद्दा
इसी बीच हरियाणा रोडवेज कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर 5 और 6 नवंबर को प्रदेशव्यापी चक्का जाम की चेतावनी दी है। कर्मचारियों की लंबित मांगों और बस सेवाओं पर संभावित असर को देखते हुए यह मुद्दा भी महत्वपूर्ण बना हुआ है।
कैबिनेट बैठक का विस्तृत एजेंडा सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आया है। ऐसे में बैठक के बाद ही स्पष्ट होगा कि किन प्रस्तावों को मंजूरी मिलती है और सरकार किन मुद्दों पर आगे निर्णय लेती है।
![]()











