बेटे की हत्या के आरोपी पूर्व SI की पिस्तौल की तलाश तेज, मैग्नेट और मेटल डिटेक्टर रहे नाकाम; अब तालाब की खुदाई शुरू

12
Jind Murder Case

जींद के तलोडा गांव में बेटे की हत्या के मामले में पुलिस अब वारदात में इस्तेमाल पिस्तौल बरामद करने के लिए तालाब की खुदाई करा रही है। आरोपी पूर्व सब-इंस्पेक्टर मदन लाल ने पूछताछ में कथित तौर पर पिस्तौल तालाब में फेंकने की बात बताई थी। शुरुआती तलाश में मैग्नेट और मेटल डिटेक्टर से हथियार नहीं मिल सका।

20 दिन से चल रही तलाश, 16 हजार लीटर से अधिक डीजल खर्च

जानकारी के अनुसार, पुलिस ने तालाब में पानी के बीच मैग्नेट की मदद से पिस्तौल तलाशने का प्रयास किया था। इसके बाद तालाब का पानी निकालने के लिए डीजल पंप लगाए गए। इस अभियान में 16 हजार लीटर से अधिक डीजल खर्च होने की बात सामने आई है। पानी निकालने के बाद 3 नवंबर को पुलिस ने मेटल डिटेक्टर की मदद से भी तलाशी ली, लेकिन हथियार नहीं मिला।

अब मजदूरों से कराई जा रही मिट्टी की खुदाई

लगातार प्रयासों के बावजूद पिस्तौल नहीं मिलने पर पुलिस ने अब तालाब की मिट्टी खुदवाने का फैसला किया है। गुरुवार शाम मजदूरों की मदद से खुदाई शुरू कराई गई। शुक्रवार को भी मजदूरों को तालाब में उतारकर तलाशी अभियान जारी रखने की तैयारी है। जींद सीआईए प्रभारी अनूप के मुताबिक, खुदाई के बाद मिट्टी को मैग्नेट से जांचने का प्रयास भी किया जाएगा।

जमीन विवाद में हुई थी बेटे की हत्या

यह मामला जींद के तलोडा गांव का है। 14 अक्टूबर की रात पूर्व सब-इंस्पेक्टर मदन लाल पर अपने बेटे मुरारी लाल की गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगा था। शुरुआती पुलिस जांच और शिकायत के अनुसार, पिता-पुत्र के बीच पैतृक जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोपी ने कथित तौर पर वारदात के बाद लाइसेंसी पिस्तौल तालाब में फेंक दी थी। पुलिस इस हथियार की बरामदगी के साथ मामले की जांच कर रही है।

Loading