विधायक रामकुमार गौतम रहे समारोह के मुख्यातिथि
सफीदों, (बबीता मित्तल): नगर की नई अनाज मंडी में मार्किट कमेटी के नवनियुक्त चेयरमैन चन्द्र सिंह सैनी व वाइस चेयरमैन मदन लाल गोयल का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ। समारोह में बतौर मुख्यातिथि विधायक रामकुमार गौतम ने शिरकत की। इस मौके पर पूर्व विधायक कलीराम पटवारी विशेष रूप से मौजूद रहे। विधायक रामकुमार गौतम ने दोनों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
अपने संबोधन में विधायक रामकुमार गौतम ने कहा कि राज्य सरकार किसानों व व्यापारियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए मंडी व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आपको किसानों के हितों की रक्षा करने व उनकी शिकायतें सुनने व उनका समाधान करने के लिए मनोनीत किया गया है। राज्य सरकार किसानों की हमेशा हितैषी रही है। किसानों के साथ कोई ज्यादती नहीं होनी चाहिए। विधायक ने कहा कि किसान बड़ी मेहनत से फसल उगाते हैं। इस देश का भला करने वाला किसान ही है। किसान अपनी खून पसीने से अन्न उगाता है और देश की हिफाजत करने के साथ-साथ विकास में भी अपना अहम योगदान देता हैं।
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 नवंबर को कुरुक्षेत्र पंहुचेंगे। उन्होंने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव आदि देशभक्तों ने अपना बलिदान देकर भारत देश को आजाद कराया था। उनकी सोच के मुताबिक चलते हुए उनके सपने के भारत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सार्थक सिद्ध किया गया है। नवनियुक्त चेयरमैनों ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की ओर से मुझे जो जिम्मेदारी मिली है। हम इस जिम्मेदारी को पूरे तन मन धन से निभाएंगे। किसानों को किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं आने देंगे।
![]()











