सिरसा में मां-बेटी की जलने से मौत: पति से पूछताछ में घरेलू विवाद की बात, परिजनों ने लगाए दहेज प्रताड़ना के आरोप

3
Sirsa Mother Daughter Death

सिरसा : गांव शक्कर मंदोरी में 32 वर्षीय कविता और उनकी दो वर्षीय बेटी सानया की जलने से मौत के मामले में पुलिस पति संदीप से पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार, घटना से पहले दंपती के बीच घरेलू बातों को लेकर विवाद हुआ था। कविता के परिजनों ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। मौत की परिस्थितियों की जांच जारी है।

पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन गोगानवमी पर कविता ने खीर बनाई थी और उसे आंगन में रखा था। संदीप ने वहां रखने पर आपत्ति जताई। इसी बात से शुरू हुई बहस करीब एक घंटे तक चली। पूछताछ में दंपती के बीच घरेलू काम और परिवार जिस संस्था से जुड़ा था, उससे कविता के जुड़ने को लेकर भी मतभेद की बात सामने आई है।

पुलिस का कहना है कि घर से निकलने के बाद संदीप और कविता के बीच फोन पर भी बातचीत हुई थी। संदीप के फोन से उस बातचीत की कथित रिकॉर्डिंग हटाए जाने की बात सामने आई है। पुलिस फोन की तकनीकी जांच कराकर रिकॉर्डिंग की उपलब्धता पता करेगी। कविता का फोन आग में जल गया था, इसलिए उससे जानकारी निकालने की संभावना भी जांची जा रही है।

कविता के मायके वालों का आरोप है कि शादी के बाद ससुराल में उससे बार-बार मायके से सामान लाने को कहा जाता था। परिजनों के अनुसार, परिवार की धार्मिक गतिविधियों में शामिल होने के लिए भी उस पर दबाव था। उन्होंने आरोप लगाया कि कविता की सास शांति देवी दहेज को लेकर ताने देती थीं।

परिजनों ने बताया कि रक्षाबंधन पर कविता के भाई सतीश के आने पर भी इस मुद्दे पर विवाद हुआ था। इसके बाद वह कुछ दिन मायके में रही थीं। परिवार ने सास, ससुर और ननद की भूमिका की जांच कर उनकी गिरफ्तारी की मांग की है।

पुलिस परिजनों के आरोपों, संदीप के बयानों और फोन से मिलने वाले साक्ष्यों की जांच कर रही है। मां-बेटी की मौत कैसे हुई और इसमें किसकी क्या भूमिका थी, यह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगा।

Loading