विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

47
ForeignJobFraud
ForeignJobFraud

₹50,000 में छुड़वाने का झांसा, फिर ₹4.50 लाख की मांगी फिरौती

जींद : साइबर क्राइम जींद पुलिस ने विदेश में नौकरी दिलवाने के नाम पर ठगी कर भारतीय युवकों को म्यांमार में बंधक बनवाने वाले गिरोह के मुख्य आरोपी विकास को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से युवाओं को फर्जी रोजगार का झांसा देकर उन्हें जाल में फंसा रहा था। जानकारी के अनुसार, पीड़ित चेतन निवासी जींद ने 14 नवंबर 2025 को शिकायत दी थी कि आरोपी विकास ने उसे थाईलैंड में नौकरी दिलाने का वादा किया। इसके बाद पासपोर्ट और वीजा तैयार करवाने के नाम पर उससे संपर्क बनाया और 16 अगस्त 2025 को उसे थाईलैंड भेज दिया। थाईलैंड पहुंचते ही लिंक के माध्यम से पहुंचे कुछ लोग पीड़ित को एयरपोर्ट से उठाकर लगभग आठ घंटे जंगल मार्ग से ले गए और म्यांमार स्थित KK Park कंपनी में बंधक बनाकर डाल दिया।
पीड़ित का आरोप है कि म्यांमार पहुंचकर आरोपी विकास ने उससे मिलने के बाद उसे छुड़वाने और काम दिलवाने के बदले ₹50,000 (24,000 थाई करंसी) की मांग की, जिसे उसने नकद दे दिया। बावजूद इसके पीड़ित को विदेशी नागरिकों को धोखाधड़ी कॉल करने का अवैध काम सौंपा गया, जिसे उसने करने से मना कर दिया। इसके बाद आरोपी व उसके साथियों ने पीड़ित को भारत भेजने के नाम पर ₹4,50,000 की फिरौती की मांग की। दबाव में आकर परिजनों ने ₹2,00,000 Binance ऐप के माध्यम से भेजे।
पीड़ितों के प्रताड़ना झेलने की खबर मिलते ही म्यांमार सेना ने कंपनी पर छापेमारी की और कई भारतीयों को मुक्त कराया। पीड़ितों को थाईलैंड मिलिट्री की कस्टडी में रखा गया और 8 नवंबर 2025 को उन्हें रेड क्रॉस व जिला प्रशासन के माध्यम से सुरक्षित घर भेजा गया।
मामले की जांच के बाद थाना साइबर क्राइम जींद में धारा 111(2), 127(2), 142, 143(2), 308(4), 318(4), 351(2), 61(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने 22 नवंबर 2025 को आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे पुलिस हिरासत रिमांड पर भेज दिया गया।

Loading