जेडी इंटरनेशनल स्कूल के बच्चों को जल्द दिलाएंगे कनाडा टूर, विदेश में पढ़ाई व संस्कृति जानने का मिलेगा अवसर : गुलाब सिंह सैनी

50

जेडी इंटरनेशनल स्कूल में जूनियर स्पोर्ट्स मीट 2025 का हुआ धूमधाम से आयोजन

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : जेडी इंटरनेशनल स्कूल में बुधवार को जूनियर स्पोर्ट्स मीट 2025 का भव्य आयोजन उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल चेयरमेन श्री सुरेश कुमार भारद्वाज, डायरेक्टर श्री विजय कुमार भारद्वाज और प्रिंसिपल श्री जितेंद्र गंभीर ने संयुक्त रूप से की। एशियन कबड्डी फेडरेशन के चेयरमैन एवं मुख्य अतिथि श्री गुलाब सिंह सैनी का विद्यालय परिवार ने पारंपरिक रूप से स्वागत किया। उन्होंने कार्यक्रम में घोषणा करते हुए कहा कि “मैं जल्द ही इस स्कूल के बच्चों के लिए कनाडा टूर प्रोग्राम आयोजित करवाऊंगा, ताकि बच्चे वहां के स्कूलों में जाकर पढ़ाई और संस्कृति को समझ सकें।”
सैनी ने बताया कि वह स्वयं एथलीट एवं खिलाड़ी रह चुके हैं और इस विद्यालय में मुख्य अतिथि के तौर पर आकर उनकी पुरानी यादें ताजा हो गईं। उन्होंने कहा “जब मैं छात्रों को मैदान में देख रहा था, तो याद आया कि हम किस तरह मैदान में कड़ी मेहनत और प्रैक्टिस किया करते थे। कार्यक्रम की शुरुआत प्रभावशाली मार्च-पास्ट से हुई। इसके बाद प्रिंसिपल श्री जितेंद्र गंभीर ने खेल भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा पर प्रेरक संबोधन दिया। उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत-हार नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का आधार हैं।
विभिन्न खेलों में बच्चों ने दिखाया दमखम
दिनभर विद्यार्थियों ने 200 मीटर, 100 मीटर, 50 मीटर दौड़, कलेक्ट द कॉइन, हर्डल रेस, डंक रेस, बैलेंस रेस, लेमन-स्पून रेस सहित अनेक खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। छोटे बच्चों के लिए आयोजित विशेष गतिविधियों ने कार्यक्रम को और भी रोमांचक बना दिया। कार्यक्रम के अंत में विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। डायरेक्टर श्री विजय कुमार भारद्वाज ने कहा कि विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सदैव तत्पर है और उन्हें राष्ट्रीय- अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के अवसर प्रदान करता रहेगा। जेडी इंटरनेशनल स्कूल द्वारा आयोजित जूनियर स्पोर्ट्स मीट 2025-26 बच्चों की प्रतिभा और विद्यालय की एकता का भव्य उदाहरण साबित हुई।

Loading