विदेशी शराब का बड़ा खेल उजागर, करोड़ों की खेप जब्त

67
Gurugram illegal liquor

ठेके में सजी 42 हजार इम्पोर्टेड बोतलें मिलीं,

10 करोड़ की अवैध शराब पर पुलिस का शिकंजा

हरियाणा के गुरुग्राम में अवैध रूप से बेची जा रही इम्पोर्टेड शराब के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने एक ठेके पर छापेमारी कर करीब 10 करोड़ रुपये की विदेशी शराब बरामद की है। इस ठेके में 42 हजार से ज्यादा महंगी शराब की बोतलें सजाकर रखी गई थीं, जिनकी कीमत प्रति बोतल 5 हजार रुपये से लेकर 1.5 लाख रुपये तक बताई जा रही है।

सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। अधिकारियों को जानकारी मिली थी कि ठेके की आड़ में बिना वैध परमिट और टैक्स चुकाए विदेशी शराब बेची जा रही है। जैसे ही टीम मौके पर पहुंची, ठेके के भीतर शराब की बड़ी खेप देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। कई ब्रांड ऐसी थीं, जो भारत में सीमित मात्रा में और विशेष अनुमति से ही बेची जाती हैं।

जांच में सामने आया है कि यह ठेका लंबे समय से अवैध रूप से इम्पोर्टेड शराब की बिक्री कर रहा था। शराब पर न तो वैध होलोग्राम थे और न ही आबकारी विभाग की मंजूरी से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराए जा सके। ठेका संचालक इस संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। इसके बाद पूरी खेप को सील कर जब्त कर लिया गया।

आबकारी अधिकारियों का कहना है कि इससे सरकार को करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा था। मामले में ठेका मालिक, सप्लायर और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की गहराई से जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि शराब विदेश से कैसे मंगवाई गई और किन रास्तों से इसे गुरुग्राम तक पहुंचाया गया।

ठेके को फिलहाल सील कर दिया गया है और संबंधित लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस और एक्साइज विभाग की टीमें अब इस पूरे रैकेट की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई हैं।

Loading