सोशल मीडिया की दोस्ती पड़ी भारी, गिफ्ट के नाम पर बड़ी ठगी

51
Cyber Fraud

डाक कर्मचारी से ऑनलाइन जालसाजों ने ऐंठे ढाई लाख रुपये

कुरुक्षेत्र में एक डाक कर्मचारी को फेसबुक के जरिए हुई दोस्ती भारी पड़ गई। ऑनलाइन ठगों ने विदेशी गिफ्ट भेजने, कस्टम टैक्स और जुर्माने के नाम पर उससे करीब ढाई लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित को जब ठगी का अहसास हुआ, तो उसने मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज करवाई।

जानकारी के अनुसार कुरुक्षेत्र निवासी डाक कर्मचारी की कुछ समय पहले फेसबुक के माध्यम से एक महिला से दोस्ती हुई थी। बातचीत के दौरान महिला ने खुद को विदेश में रहने वाली बताते हुए भरोसा जीता। कुछ दिनों बाद महिला ने पीड़ित को बताया कि वह उसके लिए महंगे गिफ्ट और नकदी भेज रही है। इसके कुछ समय बाद पीड़ित के पास अलग-अलग नंबरों से फोन आने लगे।

फोन करने वालों ने खुद को कस्टम विभाग और कुरियर कंपनी से जुड़ा अधिकारी बताया। उन्होंने कहा कि विदेश से आया गिफ्ट कस्टम में फंस गया है और उसे छुड़वाने के लिए टैक्स, कस्टम ड्यूटी और जुर्माने की राशि जमा करनी होगी। झांसे में आकर पीड़ित ने अलग-अलग खातों में कई बार में पैसे ट्रांसफर कर दिए।

जब बार-बार भुगतान करने के बावजूद गिफ्ट नहीं मिला और और अधिक पैसों की मांग की जाने लगी, तब पीड़ित को ठगी का शक हुआ। इसके बाद उसने संबंधित नंबरों पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। तब जाकर पीड़ित ने साइबर ठगी का शिकार होने की बात समझी और पुलिस से संपर्क किया।

पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह एक संगठित साइबर ठगी गिरोह का मामला हो सकता है, जो सोशल मीडिया के जरिए लोगों को निशाना बनाता है। पुलिस बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और ऑनलाइन लेन-देन की जानकारी खंगाल रही है।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करते समय सावधानी बरतें। विदेश से गिफ्ट, इनाम या पार्सल भेजने के नाम पर यदि कोई टैक्स या जुर्माने की मांग करता है, तो तुरंत सतर्क हो जाएं और पुलिस या साइबर सेल को इसकी सूचना दें।

Loading