मलार गांव के सरपंच प्रमोद मदान ने उठाई नेटवर्क समस्या, IDT सर्वे कराने की मांग
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : हरियाणा के प्रगतिशील सरपंचों की श्रेणी में शामिल सफीदों के मलार गांव के सरपंच प्रमोद मदान ने सफीदों व इसके आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइडर्स की सेवाओं में खामियों की शिकायत टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया के अध्यक्ष अनिल कुमार लोहाटी को आज भेजी है। प्रमोद मदान ने इस आशय की शिकायत में लिखा है कि सफीदों व आसपास के इलाकों में इंटरनेट सेवाएं संतोषजनक नहीं हैं। किसी वेबसाइट पर कोई दस्तावेज अपलोड करने या डाउनलोड करने में ज्यादा समय लगता है क्योंकि इंटरनेट की स्पीड बहुत कम रहती है। बड़ी संख्या में उपभोक्ता इन खामियों से परेशान हैं और सरकारी दफ्तरों में भी कमजोर इंटरनेट सेवाओं के कारण बार-बार सर्वर ठप होकर रह जाते हैं तो लोग भी औऱ सरकारी कर्मचारी भी परेशान रहते हैं। प्रमोद ने ट्राई के अध्यक्ष को लिखा है कि वह इंडिपेंडेंट ड्राइव टेस्ट (आईडीटी) सफीदों व इसके आसपास के क्षेत्रों में कराएं जिससे पता लगे कि किस सर्विस प्रोवाइडर की सेवा कितनी सही है और इसमें खामियां हैं तो क्यों हैं। उन्हें तत्काल प्रभाव से दूर कराया जाए। बता दें कि पिछले माह ट्राई ने सोनीपत शहर व इसके आसपास के क्षेत्रों में ऐसा सर्वे (इंडिपेंडेंट ड्राइव टेस्ट) कराया है जिसमें सभी इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर्स के कनेक्शनों के उपभोक्ताओं से बातचीत भी की और सर्विस प्रोवाइडर की स्पीड व एक्यूरेसी भी उपभोक्ताओं के डिवाइस पर चेक की है। उम्मीद की जा रही है कि इससे सोनीपत में टेलीकॉम सेवाओं में जरूर सुधार होगा।
![]()











