त्याग व समर्पण से परिपूर्ण है अग्रवाल समाज का इतिहास: बचन सिंह आर्य
घोड़ापुली रोड पर हुआ भव्य अभिनंदन समारोह
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : अग्रवाल वैश्य समाज हरियाणा द्वारा वरिष्ठ समाजसेवी बिल्लू सिंगला को प्रदेश संगठन मंत्री नियुक्त किए जाने पर नगर के घोड़ापुली रोड पर भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के पूर्व मंत्री बचन सिंह आर्य ने शिरकत की, जबकि समारोह की अध्यक्षता संस्था के प्रदेश उपाध्यक्ष अमरनाथ गुप्ता ने की। संस्था के स्थानीय अध्यक्ष प्रवीन मित्तल ने आए हुए आगंतुकों का गर्मजोशी से अभिनंदन किया। समारोह के दौरान मुख्य अतिथि बचन सिंह आर्य ने नव-नियुक्त संगठन मंत्री बिल्लू सिंगला को बुके भेंट कर तथा माल्यार्पण कर सम्मानित किया। इसके साथ ही नगर के अग्रबंधुओं ने भी फूलमालाएं पहनाकर बिल्लू सिंगला को बधाईयां दी। अपने संबोधन में प्रदेश उपाध्यक्ष अमरनाथ गुप्ता ने कहा कि अग्रवाल वैश्य समाज का मुख्य उद्देश्य समाज के लोगों की राजनीतिक भागीदारी को बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि प्रदेशाध्यक्ष अशोक बुवानीवाला के नेतृत्व में संगठन लगातार इस दिशा में कार्य कर रहा है। उनके प्रयासों के चलते वैश्य समाज राजनीति में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है और समाज के लोगों में एकता भी बढ़ रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि बिल्लू सिंगला की नियुक्ति से संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा समाजहित में नई पहलें होंगी। मुख्य अतिथि बचन सिंह आर्य ने अपने संबोधन में बिल्लू सिंगला को बधाई देते हुए कहा कि अग्रवाल समाज का इतिहास त्याग, समर्पण और समाजसेवा की मिसालों से भरा पड़ा है। उन्होंने कहा कि जब भी देश और समाज पर कोई संकट आता है, अग्रवाल समाज हमेशा अग्रिम पंक्ति में खड़ा नजर आता है। उन्होंने अग्र शिरोमणि महाराजा अग्रसेन के सिद्धांतों का उल्लेख करते हुए कहा कि एक रुपया, एक ईंट का संदेश आज भी समाज को एकजुट रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। बिल्लू सिंगला की नियुक्ति को उन्होंने समाज के लिए सकारात्मक कदम बताते हुए कहा कि इससे सामाजिक, शैक्षणिक और संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और समाज को नई दिशा प्राप्त होगी। कार्यक्रम के अंत में नव-नियुक्त संगठन मंत्री बिल्लू सिंगला ने सभी अतिथियों और उपस्थित समाज के लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है, उसे वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगे तथा समाज के उत्थान के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे। इस अवसर पर कैलाश गुप्ता, विकास गुप्ता, राजू सिंगला, रमेश जैन, लक्ष्मीनारायण सिंगला, प्रवीन मित्तल, एडवोकेट राजकुमार शर्मा, बिजेंद्र शास्त्री सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।
![]()











