जाखोदा में ASI सतपाल को अंतिम विदाई, परिवार ने मौत की निष्पक्ष जांच मांगी

4
ASI Satpal

चंडीगढ़ के सरकारी आवास में मृत मिले असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर सतपाल का झज्जर जिले के पैतृक गांव जाखोदा में अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस की टुकड़ी ने उन्हें सलामी देकर अंतिम विदाई दी। परिवार ने मौत की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष और पूरी जांच की मांग की है। परिजन पुलिस की शुरुआती आत्महत्या की आशंका से सहमत नहीं हैं।

सतपाल चंडीगढ़ के सेक्टर-42 स्थित सरकारी क्वार्टर में पत्नी और बच्चों के साथ रहते थे। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य बाहर गए हुए थे। पत्नी ने कई बार फोन किया, लेकिन जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने पड़ोसी से घर जाकर देखने को कहा। पड़ोसी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल भिजवाया।

चंडीगढ़ पुलिस के अनुसार आवास का दरवाजा अंदर से बंद था। शुरुआती परिस्थितियों के आधार पर पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की जांच जारी है। परिवार के मुताबिक सरकारी क्वार्टर सील कर दिया गया है और कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

भतीजे सुरेश ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा कि घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है। उन्होंने आशंका जताई कि सतपाल किसी केस को लेकर परेशान हो सकते थे। परिवार का कहना है कि इस पहलू की भी जांच होनी चाहिए और उन्हें घटना की पूरी जानकारी दी जानी चाहिए।

परिजनों के अनुसार सतपाल 10 अक्टूबर को 51 वर्ष के होने वाले थे। करीब तीन महीने पहले उन्हें एएसआई पद पर पदोन्नति मिली थी। 18 अक्टूबर को सोनीपत के रोलद गांव में भांजे की शादी थी, जिसमें उन्हें भात भरना था।

सहकर्मियों के मुताबिक सतपाल ने शादी के लिए 30 दिन की छुट्टी मांगी थी, लेकिन पांच दिन मंजूर हुए। दोबारा आवेदन भी स्वीकार नहीं हुआ। उन्होंने दो भाइयों की मृत्यु के बाद सतपाल के तनाव में रहने की बात भी कही। इन परिस्थितियों का मौत से संबंध अभी स्पष्ट नहीं है। परिवार ने पुलिस से सभी पहलुओं की जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।

Loading