भिवानी : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को बवानीखेड़ा की अनाज मंडी में आयोजित विकास संकल्प जनसभा में पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री करीब 78 करोड़ रुपए की लागत वाली सात विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पेयजल और सरकारी बुनियादी ढांचे से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
जनसभा स्थल पर पहुंचने पर स्थानीय भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का स्वागत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। प्रवेश के दौरान लोगों की सुरक्षा जांच की गई। हरियाणवी कलाकार अमित सैनी रोहतकीय भी कार्यक्रम में पहुंचे।
इस बीच मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर अग्निशमन यूनियन के जिला प्रधान अजय शेओरान, नगर परिषद इकाई प्रधान जयहिंद पहलवान और राज्य उप सचिव पुरुषोत्तम दानव को पुलिस द्वारा थाने में बैठाए जाने की जानकारी सामने आई है।
मुख्यमंत्री जिन परियोजनाओं की सौगात देंगे, उनमें तीन का शिलान्यास और चार का उद्घाटन शामिल है।
गांव प्रेमनगर में पंडित दीन दयाल उपाध्याय के नाम पर बनने वाले 25 बिस्तरों के आयुर्वेदिक अस्पताल की आधारशिला रखी जाएगी। इस परियोजना पर करीब 9 करोड़ 59 लाख 93 हजार रुपए खर्च होने का अनुमान है। अस्पताल बनने के बाद क्षेत्र के लोगों को आयुर्वेदिक चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा नाथूवास से गुजरानी होते हुए बामला तक करीब 3.20 किलोमीटर लंबी नई लिंक रोड का शिलान्यास किया जाएगा। इस सड़क के निर्माण पर करीब 1 करोड़ 58 लाख 59 हजार रुपए खर्च किए जाएंगे।
शिक्षा क्षेत्र में गांव गुजरानी के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के नए भवन का उद्घाटन किया जाएगा। इस भवन पर करीब 3 करोड़ 51 लाख 25 हजार रुपए की लागत आई है। वहीं कलिंगा के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के नए भवन पर करीब 2 करोड़ 62 लाख 77 हजार रुपए खर्च किए गए हैं। मुख्यमंत्री इसका भी उद्घाटन करेंगे।
सिवानी उपमंडल के गांव खेड़ा में तहसील कार्यालय परिसर, कैनाल रेस्ट हाउस और स्टाफ के लिए बनाए गए आवासीय भवनों का उद्घाटन किया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 16 करोड़ 98 लाख 17 हजार रुपए की लागत आई है।
बवानीखेड़ा कस्बे की पेयजल व्यवस्था से जुड़ी बड़ी परियोजना का भी उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल है। स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार इस परियोजना पर करीब 29 करोड़ 89 लाख रुपए खर्च किए गए हैं।
स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए गांव बलियाली में नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की आधारशिला भी रखी जाएगी। इस पर करीब 4 करोड़ 72 लाख 56 हजार रुपए खर्च होने का अनुमान है।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर अनाज मंडी और आसपास के क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है। जनसभा में आने वाले लोगों की जांच के बाद ही प्रवेश कराया जा रहा है। प्रशासन की ओर से कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
इन सात परियोजनाओं के जरिए बवानीखेड़ा और आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पेयजल और प्रशासनिक सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया गया है।
![]()











