हरियाणा के नूंह में आयोजित ब्रजमंडल यात्रा के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हमशक्ल श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बने रहे। यात्रा मार्ग पर उनके पहुंचते ही बड़ी संख्या में लोगों ने स्वागत किया। विधायक मामन खान के गांव से गुजरते समय श्रद्धालुओं ने JCB पर चढ़कर फूल बरसाए और जयघोष के साथ उनका अभिनंदन किया।
जानकारी के अनुसार, योगी के हमशक्ल सुरक्षा कर्मियों के साथ यात्रा में शामिल हुए। उनके साथ कमांडो जैसी वर्दी पहने सुरक्षाकर्मी भी चल रहे थे, जिससे लोगों की उत्सुकता और बढ़ गई। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने उनके साथ फोटो और वीडियो भी बनाए, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
ब्रजमंडल यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने धार्मिक नारों के साथ यात्रा का स्वागत किया। आयोजकों के अनुसार, इस बार भी हजारों श्रद्धालु यात्रा में शामिल हुए। यात्रा शांतिपूर्ण माहौल में निर्धारित मार्ग से आगे बढ़ी और प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे।
यात्रा के संवेदनशील मार्गों पर पुलिस बल, अर्धसैनिक बल और प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहे। ड्रोन कैमरों, सीसीटीवी और अन्य आधुनिक तकनीकों के जरिए पूरे रूट की निगरानी की गई ताकि यात्रा बिना किसी व्यवधान के संपन्न हो सके।
श्रद्धालुओं ने ब्रजमंडल यात्रा को आस्था और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक बताते हुए उत्साह के साथ भाग लिया। जगह-जगह यात्रा का स्वागत किया गया और श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, चिकित्सा तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई।
फिलहाल ब्रजमंडल यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और यात्रा के दौरान जारी सुरक्षा एवं यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
![]()











