फरीदाबाद में सीनियर एचआर मैनेजर लक्ष्मण की हत्या के मामले में क्राइम ब्रांच ने मुठभेड़ के बाद दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 8 अक्टूबर की सुबह करीब दो बजे सेक्टर-62 में कार्रवाई के दौरान एक आरोपी ने टीम पर गोली चलाई। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ऊंचा गांव निवासी तरुण उर्फ नवीन और जतिन के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से एक देसी पिस्टल भी बरामद की है। इन दोनों की गिरफ्तारी के बाद लक्ष्मण हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या पांच हो गई है।
क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि मामले में वांछित आरोपी सेक्टर-62 स्थित सीवर पाइप के गोदाम में छिपे हैं। टीम ने गोदाम की घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस का कहना है कि टीम के पहुंचते ही दोनों आरोपियों ने वहां से भागने की कोशिश की।
पुलिस के मुताबिक, भागते समय तरुण ने टीम पर दो फायर किए। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे मौके पर काबू कर लिया गया। साथ मौजूद जतिन को भी गिरफ्तार कर लिया गया। घायल तरुण का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
इससे पहले क्राइम ब्रांच ने 5 अक्टूबर को प्रशांत, नमन और आकाश को गिरफ्तार किया था। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
घटना 4 अक्टूबर की रात डील चौक की है। शाहपुर निवासी लक्ष्मण, जो एक ईवी कंपनी में सीनियर एचआर मैनेजर थे, अपने भतीजे महेश के साथ केले खरीदने गए थे। फल और चाट की दुकान चलाने वाले रिंकू ने एक दर्जन केले की कीमत 100 रुपये बताई। इसी रकम को लेकर विवाद हुआ।
आरोप है कि विवाद के बाद रिंकू ने साथियों को बुलाया और लक्ष्मण तथा महेश पर हमला किया गया। लक्ष्मण की मौत हो गई, जबकि घायल महेश का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
![]()











