फरीदाबाद में सहपाठी के घर 10वीं के छात्र की मौत के बाद हुए हंगामे और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने करीब 250 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। खेड़ी पुल थाना पुलिस ने 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की शुरुआती जांच में छात्र की मौत को आत्महत्या बताया गया है, जबकि उसके पिता ने हत्या का आरोप लगाते हुए शिकायत दी है।
पुलिस के अनुसार, 17 वर्षीय छात्र और उसकी सहपाठी करीब दो साल से एक ही स्कूल में पढ़ रहे थे। लड़की के परिवार का आरोप है कि छात्र उससे बातचीत करने की कोशिश करता था, जबकि वह उससे बात नहीं करना चाहती थी। परिवार ने करीब एक सप्ताह पहले स्कूल में इसकी शिकायत की थी। पुलिस के मुताबिक, उस समय छात्र के परिजनों ने माफी मांगी थी और पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी गई थी।
गुरुवार को छात्र लड़की के घर पहुंचा था। उस समय लड़की अपने भाई को ट्यूशन छोड़ने गई हुई थी और घर में उसकी बुजुर्ग दादी मौजूद थीं। लौटने पर लड़की ने घटना की जानकारी अपने पिता को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और छात्र के परिवार को बताया गया।
छात्र की मौत की खबर मिलने पर उसके परिजनों के साथ बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि भीड़ में शामिल लोगों ने घर का सामान बाहर फेंका और तोड़फोड़ की। स्थिति नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। सुरक्षा के लिए लड़की के परिवार को ऊपर की मंजिल पर भेजा गया।
थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार लोगों पर पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों से मारपीट और घर में तोड़फोड़ करने के आरोप हैं। गिरफ्तार आरोपियों में बलराज, राजेश चौहान, दीपक चौहान, परशुराम, मानिक चंद, विकास कुमार, नितीश, साधु और पप्पू शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, छात्र के शव का शनिवार को पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। उसके पिता की शिकायत और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच जारी है।
![]()









