फरीदाबाद में कार की टक्कर से साइकिल सवार गंभीर घायल, लोगों ने गाड़ी के नीचे से निकाला

3
Faridabad News

फरीदाबाद। सेक्टर-85 स्थित बीपीटीपी के सी-ब्लॉक में ग्रैंड विटारा कार की टक्कर से साइकिल सवार संजीव कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा 15 अक्टूबर की रात हुआ, जब वह मजदूरी करके घर लौट रहे थे। टक्कर के बाद संजीव कार के नीचे फंस गए। परिजनों और आसपास के लोगों ने गाड़ी हटाकर उन्हें बाहर निकाला और निजी अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस के अनुसार, संजीव मूल रूप से बिहार के मुंगेर जिले के रहने वाले हैं और परिवार के साथ बीपीटीपी क्षेत्र में रहते हैं। उनकी पत्नी पुष्पा देवी की शिकायत पर खेड़ीपुल थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है।

परिजनों के मुताबिक, संजीव तेज रफ्तार कार को देखकर सड़क किनारे रुक गए थे, लेकिन कार ने वहीं आकर उन्हें टक्कर मार दी। आरोप है कि हादसे के बाद चालक ने दो-तीन बार गाड़ी आगे-पीछे की, लेकिन संजीव बाहर नहीं निकल सके। इसके बाद चालक कार मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

पुष्पा देवी ने आरोप लगाया कि कार चालक शराब के नशे में था। हालांकि, चालक के नशे में होने की पुष्टि संबंधी जानकारी सामने नहीं आई है। उनके अनुसार, संजीव करीब दस मिनट तक कार के नीचे फंसे रहे। मदद के लिए पुकारने पर आसपास के लोग पहुंचे और उन्हें निकालने का प्रयास किया।

घटना के बाद का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें परिजन और स्थानीय लोग संजीव को बाहर निकालने के लिए गाड़ी हटाने की कोशिश करते दिखाई देते हैं। लोगों की मदद से उन्हें निकालकर तुरंत उपचार के लिए ले जाया गया।

परिवार का कहना है कि संजीव की रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई है और गर्दन के ऊपर दस टांके लगाए गए हैं। परिजनों के मुताबिक, वह फिलहाल बोल भी नहीं पा रहे हैं। पुलिस Faridabad Newsके आधार पर हादसे की परिस्थितियों और चालक के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।

Loading