करनाल में श्रीनगर जा रही बस पर पथराव, शीशे टूटे; उमर अब्दुल्ला ने कार्रवाई की मांग की

5
Karnal News

करनाल। दिल्ली से श्रीनगर जा रही जम्मू-कश्मीर नंबर की वोल्वो बस पर शनिवार रात नीलोखेड़ी में पथराव किया गया। डिवाइन स्टार रेस्टोरेंट की पार्किंग में हुई घटना में बस के कई शीशे टूट गए और नंबर प्लेट क्षतिग्रस्त हो गई। अचानक पथराव होने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने फिलहाल किसी यात्री के घायल होने की पुष्टि नहीं की है।

जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब साढ़े दस बजे हुई। बस रेस्टोरेंट के बाहर खड़ी थी। शुरुआती जानकारी में पार्किंग में वाहन हटाने को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है। बहस बढ़ने के बाद बस पर ईंट-पत्थर फेंके गए। शोर सुनकर रेस्टोरेंट के कर्मचारी भी बाहर आ गए।

बुटाना थाना प्रभारी विपिन कुमार के मुताबिक, पार्किंग में कार साइड करने को लेकर कार चालक और बस में सवार एक यात्री के बीच बहस हुई थी। उन्होंने बताया कि दोनों ने शराब पी रखी थी। इसी विवाद के दौरान बस पर पथराव हुआ।

थाना प्रभारी ने कहा कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। उनके अनुसार, दोनों पक्षों ने आपस में समझौता कर लिया और वहां से चले गए। पुलिस को किसी पक्ष की ओर से शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। इसमें एक युवक ने यात्रियों से मारपीट और एक बुजुर्ग की नाक पर चोट लगने का आरोप लगाया है। हालांकि, चोट लगने के दावे की पुलिस ने पुष्टि नहीं की है।

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने घटना से संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट साझा करते हुए पथराव की निंदा की। उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और हरियाणा पुलिस से आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है। सोशल मीडिया पोस्ट में घटनास्थल कुरुक्षेत्र बताया गया, जबकि पुलिस के अनुसार वारदात करनाल जिले के नीलोखेड़ी क्षेत्र में हुई।

Loading