सफीदों, (एस• के• मित्तल) : गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज की प्रेरणा से श्री श्याम कृपा सेवा समिति द्वारा दिवंगत पत्रकार विक्रम कश्यप की याद में 11 जून, वीरवार को सफीदों में एक विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार यह चिकित्सा शिविर प्रातः 10 बजे से फर्स्ट स्टेप एसएमआर स्कूल, सफीदों में आयोजित होगा। शिविर में देश के प्रतिष्ठित मेदांता अस्पताल के अनुभवी डॉक्टरों की टीम अपनी सेवाएं देगी। इस दौरान मरीजों की स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श तथा आवश्यक दवाइयां पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध करवाई जाएंगी। शिविर में सामान्य जांच के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण मेडिकल टेस्ट भी मुफ्त किए जाएंगे। इनमें हीमोग्लोबिन जांच, ब्लड शुगर टेस्ट, पीएफटी (पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट), बीएमडी (बोन मिनरल डेंसिटी), ईसीजी और एक्स-रे जैसी सुविधाएं शामिल हैं। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि हरियाणा गौसेवा आयोग के चेयरमैन श्रवण कुमार गर्ग शिरकत करेंगे। आयोजकों ने बताया कि शिविर का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, खासकर उन लोगों तक जो आर्थिक कारणों से महंगी चिकित्सा सुविधाओं का लाभ नहीं उठा पाते। श्री श्याम कृपा सेवा समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के सामाजिक कार्यों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों की सहायता करना उनका मुख्य उद्देश्य है। आयोजकों ने क्षेत्र के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस निःशुल्क चिकित्सा शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने स्वास्थ्य की जांच अवश्य करवाएं।
![]()









