पक्षियों के दाना-पानी रखने का किया आह्वान
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर नगर के जेसीज भवन में श्री कृष्ण कृपा परिवार के तत्वावधान में चल रहे कीर्तन के दौरान एक सराहनीय सामाजिक पहल देखने को मिली। वूमेन एरा फाउंडेशन द्वारा श्रद्धालुओं के बीच पक्षियों के लिए 151 मिट्टी के कसौरे निःशुल्क वितरित किए गए। संस्था की अध्यक्ष गीतांजलि कंसल ने बताया कि वर्तमान में पड़ रही भीषण गर्मी में पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि तापमान बढ़ने के कारण पक्षियों को पानी के लिए काफी संघर्ष करना पड़ता है, ऐसे में यदि हर व्यक्ति अपने घर या आसपास पानी की व्यवस्था करे तो अनेक जीवों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने आगे कहा कि मिट्टी के कसौरे केवल जल पात्र नहीं, बल्कि मानवता और जीव-जंतुओं के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक हैं। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को प्रेरित करना है कि वे अपने घरों, छतों, आंगनों और सार्वजनिक स्थानों पर इन कसौरों में पानी भरकर रखें, ताकि पक्षियों को राहत मिल सके। कार्यक्रम में वितरित किए गए 151 कसौरों को श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक ग्रहण किया और यह संकल्प लिया कि वे नियमित रूप से इनमें पानी भरकर पक्षियों की सेवा करेंगे। इस दौरान उपस्थित लोगों ने यह भी कहा कि इस प्रकार के छोटे-छोटे प्रयास समाज में बड़ा बदलाव ला सकते हैं और पर्यावरण संरक्षण में भी सहायक होते हैं। वूमेन एरा फाउंडेशन की ओर से इस सेवा कार्य में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया गया। संस्था ने कहा कि समाज के सहयोग से ही इस प्रकार के कार्य सफल हो पाते हैं और भविष्य में भी इसी तरह के सेवा कार्य जारी रखे जाएंगे। संस्था ने क्षेत्र के नागरिकों से अपील की कि वे गर्मी के मौसम में पक्षियों के लिए जल और दाने की व्यवस्था अवश्य करें।
![]()









