जींद के नागरिक अस्पताल में महिला से छेड़छाड़ के आरोप के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। सीएमओ डॉ. सुमन कोहली ने गठित जांच कमेटी को पत्र लिखकर मामले की जांच और रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा है। हालांकि, रिपोर्ट सौंपने की कोई निश्चित समय सीमा निर्धारित नहीं की गई है। आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर होगी।
सोमवार को अस्पताल में नसबंदी का ऑपरेशन करवाने आई महिला ने ऑपरेशन थियेटर सहायक अजय पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। जानकारी के अनुसार, ऑपरेशन के बाद यह मामला सामने आया। महिला के शोर मचाने पर अस्पताल में हंगामा हुआ, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति संभाली।
घटना के बाद महिला, उसके परिजन और दूसरा पक्ष सीएमओ कार्यालय पहुंचे थे। दोनों पक्षों से बातचीत के बाद सीएमओ ने मामले की जांच कराने का निर्णय लिया। कमेटी गठित करने के साथ अजय को ऑपरेशन थियेटर की ड्यूटी से हटाकर दूसरी शाखा में भेज दिया गया था।
अभी तक महिला या उसके परिवार की ओर से सीएमओ कार्यालय अथवा पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग ने सामने आए आरोपों के आधार पर विभागीय जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ाई है। अब कमेटी को पत्र जारी कर जल्द रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है।
सोमवार देर शाम डीसी डॉ. वैशाली शर्मा भी नागरिक अस्पताल पहुंची थीं। उन्होंने अस्पताल का निरीक्षण किया और ऑपरेशन थियेटर का दौरा किया। उनके अचानक पहुंचने को इस मामले से जोड़कर देखा गया था।
मामले के बारे में पूछे जाने पर डीसी ने इसे गोपनीय बताते हुए जानकारी देने से इनकार किया था। बाद में उनके अस्पताल दौरे को औचक निरीक्षण बताया गया।
सीएमओ डॉ. सुमन कोहली ने बताया कि जांच कमेटी को पत्र भेज दिया गया है और जल्द जांच पूरी करने को कहा गया है। कमेटी की रिपोर्ट मिलने के बाद ही आरोपों के संबंध में आगे का निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल विभागीय जांच जारी है और रिपोर्ट का इंतजार है।
![]()











