खेतों में बिजली संकट पर किसानों का फूटा गुस्सा जींद-सफीदों रोड किया जाम

3
Jind News
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : उपमंडल के गांव बुड्ढाखेड़ा में खेतों में बिजली आपूर्ति बाधित होने से नाराज किसानों ने बुधवार को जींद-सफीदों मार्ग पर जाम लगा दिया। करीब सवा घंटे तक चले इस जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव के किसान पिछले एक सप्ताह से खेतों में पर्याप्त बिजली आपूर्ति न मिलने से परेशान थे। धान की रोपाई के बाद पानी की अत्यधिक आवश्यकता होती है, लेकिन बिजली कटौती के कारण किसान समय पर सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं, जिससे फसल सूखने की कगार पर पहुंच रही है। इसी समस्या के विरोध में किसानों ने एकजुट होकर सड़क को जाम कर दिया। जाम की सूचना मिलते ही सफीदों सदर थाना प्रभारी राजेश कुमार और पिल्लुखेड़ा थाना प्रभारी विजय अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और किसानों से बातचीत कर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया। किसानों ने अधिकारियों को बताया कि जब भी रजाना खुर्द, रजाना कला, लुदाना या पिल्लुखेड़ा क्षेत्र में कोई फॉल्ट आता है, तो उनकी बिजली सप्लाई भी बंद कर दी जाती है, जिससे उन्हें बार-बार परेशानी झेलनी पड़ती है। किसानों की मुख्य मांग थी कि उनकी बिजली सप्लाई को खेडी पावर हाउस से हटाकर सीधे बुड्ढाखेड़ा के 33 केवीए पावर हाउस से जोड़ा जाए, ताकि अन्य गांवों में फॉल्ट होने पर उनकी बिजली बाधित न हो। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर बिजली निगम के एसडीओ पवन कुमार मौके पर पहुंचे। एसडीओ ने किसानों को आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के भीतर उनकी बिजली लाइन को बुड्ढाखेड़ा के 33 केवीए पावर हाउस से जोड़ दिया जाएगा, जिससे भविष्य में इस तरह की समस्या नहीं आएगी। एसडीओ के आश्वासन के बाद किसानों ने जाम खोल दिया और सुचारू हो सका। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि तय समय में समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो वे दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Loading