करनाल में बस का इंतजार कर रहे हिमाचल के युवक की हादसे में मौत, अज्ञात वाहन चालक पर केस

3
Karnal News

करनाल। समाना बाहु के पास जीटी रोड पर अज्ञात वाहन की टक्कर से हिमाचल प्रदेश निवासी राकेश कुमार की मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, वह घर जाने के लिए बस का इंतजार कर रहा था। बुटाना थाना पुलिस ने मृतक के मामा की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, 13 अक्टूबर की रात गश्त के दौरान सूचना मिली कि द ग्रेट खली ढाबे के सामने सड़क की दूसरी ओर एक व्यक्ति का शव पड़ा है। एएसआई देवेंद्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां कोई प्रत्यक्षदर्शी या मृतक का परिजन नहीं मिला।

घटनास्थल पर मिले पर्स में आधार कार्ड था। इसके आधार पर मृतक की पहचान राकेश कुमार पुत्र रघुवीर सिंह, निवासी सुनेट, जिला कांगड़ा, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई। पुलिस ने एंबुलेंस से शव को नीलोखेड़ी के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद परिजनों से पहचान की पुष्टि कराने के लिए शव करनाल के सरकारी अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया।

सूचना मिलने पर मृतक के मामा रमेश राणा अस्पताल पहुंचे और शव की पहचान अपने भांजे राकेश के रूप में की। उन्होंने बताया कि राकेश के पिता का निधन हो चुका है। राकेश पिछले कई दिनों से समाना बाहु के आसपास ढाबों पर रसोइये का काम कर रहा था। हालांकि, वह किस ढाबे पर काम करता था, इसकी जानकारी उन्हें नहीं थी।

रमेश राणा के अनुसार, उन्हें फोन पर हादसे की सूचना मिली थी। उन्हें बताया गया कि राकेश घर जाने के लिए खली ढाबे के पास बस का इंतजार कर रहा था। आरोप है कि इसी दौरान तेज गति और लापरवाही से चलाए जा रहे अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। उन्होंने वाहन चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रमेश राणा के बयान के आधार पर दर्ज मामले की जांच एसआई मनोज कुमार को सौंपी गई है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है।

Loading