पुलिस को चकमा देना पड़ा भारी, पुलिया से छलांग लगाते ही दो आरोपियों की टांगें टूटीं हेडिंग (Heading)

2
Kurukshetra Crime News

कुरुक्षेत्र। हरियाणा के कुरुक्षेत्र में रेल यात्रियों के मोबाइल फोन और नकदी छीनने के आरोप में पकड़े गए दो युवकों ने पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास किया। इस दौरान दोनों एक पुलिया से नीचे कूद गए, जिससे उनकी टांगों में फ्रैक्चर हो गया। पुलिस ने तत्काल दोनों को काबू कर उपचार के लिए लोकनायक जयप्रकाश नारायण (LNJP) अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस ने रेलगाड़ियों में सो रहे यात्रियों को निशाना बनाकर उनके मोबाइल फोन और पैसे छीनने के आरोप में पांच लोगों को पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों से पूछताछ और जांच के दौरान चोरी तथा छीने गए सामान की बरामदगी के लिए कार्रवाई की जा रही थी।

बरामदगी के दौरान भागने की कोशिश

पुलिस दो आरोपियों को ब्रह्मसरोवर के नजदीक मेला ग्राउंड से सटे सफेदों के जंगल में लेकर गई थी। बताया जा रहा है कि आरोपी इसी क्षेत्र में छिपकर रहते थे। पुलिस टीम जब बरामदगी की कार्रवाई कर रही थी, तभी दोनों ने कथित तौर पर हिरासत से भागने का प्रयास किया।

भागते समय आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए एक पुलिया से नीचे छलांग लगा दी। नीचे गिरने से दोनों की टांगों में गंभीर चोटें आईं। पुलिसकर्मियों ने उन्हें दोबारा काबू किया और अस्पताल पहुंचाया।

पांच आरोपी पकड़े, 38 मोबाइल बरामद

पुलिस के अनुसार, इस मामले में दोनों घायलों के अलावा उनके तीन अन्य साथियों को भी पकड़ा गया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 38 मोबाइल फोन बरामद होने की जानकारी सामने आई है।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों में से एक उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले का निवासी है। पुलिस आरोपियों की गतिविधियों और बरामद मोबाइल फोन के संबंध में जांच कर रही है।

Loading