ऑनलाइन लालच का जाल, पुलिस ने तोड़ी ठगी की कड़ी

50
Kurukshetra-Cyber Fraud

कुरुक्षेत्र में टास्क-आधारित साइबर ठगी का भंडाफोड़,

3 आरोपी गिरफ्तार; सरकारी कर्मी से 3.73 लाख ठगे

कुरुक्षेत्र पुलिस ने टास्क पूरा करने पर मुनाफे का लालच देकर ठगी करने वाले साइबर ठगों के एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि इन ठगों ने एक सरकारी कर्मचारी से 3 लाख 73 हजार रुपये की ठगी की। हैरानी की बात यह है कि इस पूरे ठगी के खेल की शुरुआत महज 40 रुपये से हुई थी।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित सरकारी कर्मचारी को एक मैसेज और लिंक के जरिए संपर्क किया गया। शुरुआत में उसे छोटे-छोटे ऑनलाइन टास्क दिए गए, जिन्हें पूरा करने पर 40 रुपये का लाभ दिखाया गया। भरोसा बढ़ाने के लिए शुरुआती टास्क पर उसे सच में कुछ रुपये वापस भी किए गए। इसके बाद धीरे-धीरे बड़ी रकम निवेश करने का दबाव बनाया गया और ज्यादा मुनाफे का लालच दिया गया।

आरोपियों ने अलग-अलग टास्क और लेवल बताकर पीड़ित से कई किस्तों में पैसे ट्रांसफर करवा लिए। जब पीड़ित ने अपनी रकम और मुनाफा निकालने की कोशिश की तो उससे और पैसे मांगे जाने लगे। संदेह होने पर पीड़ित ने साइबर थाना कुरुक्षेत्र में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की। बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल ट्रांजैक्शन की जांच के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, सिम कार्ड और ठगी में इस्तेमाल किए गए अन्य डिजिटल सबूत भी बरामद किए हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया के जरिए लोगों को निशाना बनाते थे। वे खास तौर पर नौकरीपेशा और सरकारी कर्मचारियों को टारगेट करते थे, क्योंकि उनकी आर्थिक स्थिति स्थिर होती है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उन्होंने और कितने लोगों को ठगा है।

Loading