कुरुक्षेत्र जिले में पिहोवा रोड पर ज्योतिसर के पास कार की टक्कर से बुलेट मोटरसाइकिल सवार आढ़ती रामचंद्र की मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल रामचंद्र को परिजन निजी अस्पताल ले गए, जहां देर रात उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। परिवार के बयान पर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
मृतक की पहचान इंदबड़ी गांव निवासी 65 वर्षीय रामचंद्र के रूप में हुई है। उनकी थानेसर अनाज मंडी में आढ़त थी। पुलिस के मुताबिक, वह गांव से अपनी बुलेट मोटरसाइकिल पर कुरुक्षेत्र की तरफ जा रहे थे।
ज्योतिसर के पास पेट्रोल पंप के नजदीक कुरुक्षेत्र की ओर से आ रही काले रंग की कार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में रामचंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के दौरान कार का एयरबैग भी खुल गया।
पेट्रोल पंप पर काम करने वाले कर्मचारियों ने रामचंद्र के परिवार को हादसे की सूचना दी। कर्मचारी उनके परिवार को जानते थे। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल रामचंद्र को तुरंत निजी अस्पताल लेकर गए। वहां उनका उपचार किया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
परिजनों ने आरोप लगाया कि कार चालक तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था और इसी कारण टक्कर हुई। हादसे की वजह और चालक की कथित लापरवाही की जांच पुलिस कर रही है।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। हादसे के बाद कार और बुलेट मोटरसाइकिल को कब्जे में ले लिया गया है।
ज्योतिसर पुलिस चौकी इंचार्ज नरेंद्र कुमार ने बताया कि परिवार के बयान के आधार पर कार चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
![]()










