मेजर ध्यानचंद जयंती पर हुआ हॉकी मुकाबला बेटियों ने 5-3 से लड़कों की टीम को दी मात

2
Major Dhyan Chand Jayanti
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : मेजर ध्यानचंद जयंती के उपलक्ष्य में नगर के राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल में सर्पदमन सुधार एण्ड खेल समिति के तत्वावधान में हॉकी खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्साह और जोश के साथ भाग लेते हुए खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के प्रधान अजमेर सिंह ने की। इस अवसर पर हॉकी कोच किरण जोत, बलिन्द्र कुमार और नीरज कुमार विशेष रूप से मौजूद रहे। प्रतियोगिता को देखने के लिए नगर के अनेक गणमान्य लोग भी स्कूल परिसर में पहुंचे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता का मुख्य आकर्षण लड़कियों और लड़कों की टीम के बीच खेला गया रोमांचक हॉकी मुकाबला रहा, जिसमें लड़कियों की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए लड़कों की टीम को 5-3 के अंतर से पराजित कर ट्रॉफी अपने नाम की। आयोजकों ने कहा कि मेजर ध्यानचंद भारतीय हॉकी के महान खिलाड़ियों में से एक थे और उनका जीवन युवाओं को खेलों के प्रति समर्पित होने की प्रेरणा देता है। उनके सम्मान में आयोजित इस तरह की प्रतियोगिताओं का उद्देश्य बच्चों और युवाओं में खेल भावना विकसित करना तथा उन्हें मैदान से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों के माध्यम से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना जैसे गुण विकसित होते हैं। कार्यक्रम के समापन अवसर पर विजेता लड़कियों की टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर रिम्पी, राजू वर्मा, डॉ. सतीश कुमार, रविन्द्र धीमान, शिवकुमार शर्मा, त्रिलोक सिंह, सतबीर सैनी, कर्मबीर सैनी, राजीव वर्मा, प्रकट सिंह वर्ण और ज्योति सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

Loading