समाधान शिविर में एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने सुनी समस्याएं समस्याओं के समाधान के अधिकारियों को दिए निर्देश

2
Pulkit Malhotra
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : नगर के मिनी सचिवालय में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने की। इस मौके पर विभिन्न महकमों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। शिविर के दौरान बिजली से संबंधित दो शिकायतें प्राप्त हुईं, जिन पर एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार एवं समयबद्ध तरीके से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि समाधान शिविर में नागरिकों द्वारा रखी जाने वाली प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और उसका प्राथमिकता के आधार पर निपटारा सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं को उनकी समस्या के समाधान में लगने वाले संभावित समय की भी स्पष्ट जानकारी दी जाए, ताकि उन्हें अपनी शिकायत के लिए संबंधित कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आमजन को सुगम, पारदर्शी एवं बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध करवाना है। नागरिकों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए दूर-दराज स्थित कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसी उद्देश्य से उपमंडल स्तर पर समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो समस्याएं मौके पर ही हल की जा सकती हैं, उनका तत्काल समाधान किया जाए। वहीं, जिन शिकायतों के निपटारे के लिए विभागीय प्रक्रिया या अन्य स्तर से कार्रवाई आवश्यक है, उनमें भी अनावश्यक देरी न की जाए और निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर में शिकायत दर्ज होने के बाद संबंधित विभाग के अधिकारी उसकी प्रगति पर लगातार नजर रखें। किसी भी शिकायत को लंबित रखने के बजाय उसके समाधान के लिए गंभीरता से प्रयास किए जाएं। एसडीएम ने बताया कि आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक सोमवार एवं वीरवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक लघु सचिवालय में समाधान शिविर आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने उपमंडलवासियों से अपील की कि वे निर्धारित समय पर शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखें और सरकार की इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

Loading