पानीपत। हरियाणा के पानीपत जिले के मतलौडा अड्डे पर किरयाणा की दुकान चलाने वाले व्यापारी अमरदीप बजाज उर्फ शेरू से 40 लाख रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। मंगलवार सुबह व्यापारी के मोबाइल पर विदेशी नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को काला जठेड़ी और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया और 7 नवंबर तक रकम देने की धमकी दी। इस कॉल के बाद व्यापारी और उसका परिवार दहशत में है।
विदेशी नंबर से आया धमकी भरा फोन
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह व्यापारी अमरदीप बजाज के पास विदेशी नंबर से कॉल आई। फोन करने वाले ने कथित तौर पर खुद को काला जठेड़ी और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया। उसने व्यापारी से 40 लाख रुपये की मांग की और रकम देने के लिए 7 नवंबर तक का समय दिया।
रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी
कॉल करने वाले ने तय समय तक पैसे नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। अचानक आई इस कॉल से व्यापारी और उसके परिवार के सदस्य सहम गए। परिवार को अपनी सुरक्षा की चिंता सताने लगी।
SP से मिलकर मांगी सुरक्षा
घटना के बाद व्यापारी ने मतलौडा थाना पुलिस को शिकायत दी। इसके बाद वह अन्य लोगों के साथ पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण से भी मिला और अपनी तथा परिवार की सुरक्षा की मांग की।
व्यापारी की सुरक्षा में दो पुलिसकर्मी तैनात
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने व्यापारी की सुरक्षा के लिए दो पुलिसकर्मी तैनात किए हैं। अब पुलिस विदेशी नंबर से आई कॉल और फिरौती मांगने वाले व्यक्ति की पहचान का पता लगाने में जुटी है।
![]()











