सफीदों, (एस• के• मित्तल) : हिसार के डेयरी संचालक जीवन कुंडू की हत्या के मामले में सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शुक्रवार को सफीदों में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोगों, सरपंचों और ग्रामीणों ने जर्मनी चौक के पास सफीदों-जींद स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की। कई घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर सफीदों उपमंडल क्षेत्र के अनेक सरपंचों के अलावा विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग और ग्रामीण मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जीवन कुंडू की हत्या को लेकर लोगों में रोष है और जब तक मामले में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक उन्हें संतोष नहीं होगा। प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर भी निशाना साधा। उनका कहना था कि आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ-साथ ऐसे मामलों में पुलिस को त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि गंभीर वारदातों में यदि आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी होती है तो इससे आम लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा होती है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जीवन कुंडू हत्याकांड के सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी प्रकार का माहौल बिगाड़ना नहीं, बल्कि मृतक के परिवार को न्याय दिलाना और दोषियों को कानून के दायरे में लाना है। उन्होंने सरकार और पुलिस प्रशासन से मामले में गंभीरता दिखाते हुए जल्द ठोस कार्रवाई करने की अपील की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक सभी हत्यारोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, उनका संघर्ष जारी रहेगा।
![]()











