सफीदों, (एस• के• मित्तल) : बार एसोसिएशन, सफीदों के वर्ष 2026-27 के चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी सिलसिले में शुक्रवार को बार एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बार एसोसिएशन के प्रधान एवं एडवोकेट कुनाल अग्रवाल ने की। बैठक में आगामी चुनावों की प्रक्रिया, निष्पक्षता और शांतिपूर्ण संचालन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित अधिवक्ताओं ने सर्वसम्मति से एडवोकेट हरबीर सहरावत को आगामी चुनाव के लिए चुनाव अधिकारी नियुक्त किया। चुनाव अधिकारी के रूप में उनकी नियुक्ति पर उपस्थित सभी अधिवक्ताओं ने अपनी सहमति जताई। बैठक के दौरान जानकारी दी गई कि बार एसोसिएशन, सफीदों के वर्ष 2026-27 के चुनाव 11 सितंबर को आयोजित किए जाएंगे। बैठक में वकीलों ने चुनाव प्रक्रिया को व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए आपसी सहयोग बनाए रखने पर भी सहमति व्यक्त की। नवनियुक्त चुनाव अधिकारी एडवोकेट हरबीर सहरावत ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वह पूरी निष्पक्षता, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान सभी नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा और प्रयास रहेगा कि चुनाव शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हों। उन्होंने सभी अधिवक्ताओं से चुनाव प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील भी की। बार एसोसिएशन के प्रधान कुनाल अग्रवाल ने कहा कि एसोसिएशन की पूरी कोशिश रहेगी कि चुनाव प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार सुचारू रूप से संपन्न हो। उन्होंने सभी सदस्यों से शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने और लोकतांत्रिक परंपराओं का सम्मान करने की अपील की।
![]()











