बच्चों ने सीखे नॉन-फायर कुकिंग और हेयर स्टाइलिंग के गुर

3
Keywords: Non Fire Cooking
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : नगर के खानसर चौंक स्थित गीता विद्या मंदिर स्कूल में वुमेन एरा फाउंडेशन के तत्वावधान में महिलाओं एवं युवतियों को नए हुनर से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करने के उद्देश्य से नए हुनर से नई पहचान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आयोजक संस्था की फाऊंडर गीतांजलि कंसल ने की। वहीं अध्यक्षा स्कूल की प्रिसिंपल रूचि कंसल ने की। तीज के रंग—सेवा, सम्मान और सशक्तिकरण के संग कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और नॉन-फायर कुकिंग तथा हेयर स्टाइलिंग के व्यावहारिक हुनर सीखे। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को आसान एवं उपयोगी तकनीकों की जानकारी दी गई, जिससे वे कम संसाधनों में भी अपनी रचनात्मकता को निखार सकें। कार्यक्रम में प्रशिक्षक सोनिया ने प्रतिभागियों को नॉन-फायर कुकिंग के विभिन्न व्यंजन बनाने का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बिना गैस या आग के आसानी से तैयार होने वाले स्वादिष्ट व्यंजनों को बनाने की विधि समझाई। वहीं प्रशिक्षक भावना ने प्रतिभागियों को आधुनिक एवं आकर्षक हेयर स्टाइलिंग के गुर सिखाए। उन्होंने अलग-अलग अवसरों के अनुसार हेयर स्टाइल बनाने की तकनीक, बालों की देखभाल और आकर्षक लुक तैयार करने के तरीके बताए। अपने संबोधन में वुमेन एरा फाउंडेशन की फाउंडर गीतांजलि कंसल ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल त्योहारों को मनाना नहीं है, बल्कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से महिलाओं को नया हुनर, नया आत्मविश्वास और नई पहचान दिलाना है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के भीतर प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें सही मंच और अवसर उपलब्ध कराने की है। उन्होंने कहा कि संस्था भविष्य में भी महिलाओं और युवतियों के लिए ऐसे प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं अपने हुनर को आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ा सकें। कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

Loading