समाजसेवा के नए संकल्प के साथ नई टीम ने संभाली कमान
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों में लीनस क्लब द्वारा शपथ ग्रहण समारोह एवं पौधारोपण कार्यक्रम धूमधाम से संपन्न हुआ। इस अवसर पर संस्था की जिलाध्यक्ष सुमन मित्तल मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथियों में वरिष्ठ पदाधिकारी वीना गोयल, मनीषा शर्मा, शशि खूहियाला, नीलम अग्रवाल, ऋतु गोयल, बबीता अग्रवाल और निशा अरोड़ा शामिल रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक स्वागत के साथ हुई, जिसके बाद नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को विधिवत पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। नवगठित टीम में पूनम सिंगला मित्तल को प्रधान, गीतांजलि कंसल को उपप्रधान, बबीता मित्तल को सचिव, स्वेता गर्ग को सहसचिव, निशा जैन को कोषाध्यक्ष तथा सीमा गर्ग को पीआरओ की जिम्मेदारी सौंपी गई। सभी पदाधिकारियों ने पूरे समर्पण और निष्ठा के साथ अपने दायित्व निभाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर ट्री प्लांटेशन ड्राइव कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। अतिथियों और सदस्यों ने मिलकर पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। नवनियुक्त प्रधान पूनम सिंगला मित्तल ने अपने संबोधन में सभी अतिथियों और सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह समारोह केवल पद ग्रहण करने का अवसर नहीं, बल्कि एक नई सोच, नए संकल्प और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में शुरुआत है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि उनकी पूरी टीम महिला सशक्तिकरण, समाज सेवा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाएगी। वहीं, मुख्यातिथि सुमन मित्तल ने सफीदों चैप्टर के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाजसेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है। उन्होंने सभी सदस्यों को प्रेरित करते हुए कहा कि हर व्यक्ति को अपने स्तर पर समाज के लिए कुछ न कुछ योगदान जरूर देना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
![]()











