पलवल। पुरानी बस्ती सल्लागढ़ में एक कन्फेक्शनरी व्यापारी के घर पर छह नकाबपोश युवकों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोपियों ने घर के दरवाजे, खिड़कियों और बाहर खड़ी गाड़ी में तोड़फोड़ की। गश्त कर रही पुलिस की कमांडो टीम ने मौके पर पहुंचकर एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि पांच अन्य भाग गए। व्यापारी की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सल्लागढ़ निवासी व्यापारी इरशाद ने बताया कि सोमवार रात करीब 12 बजे वह घर में सो रहे थे। अचानक दरवाजे पर लाठी-डंडों से वार और खिड़कियों के शीशे टूटने की आवाज सुनकर उनकी नींद खुली। डर के कारण वह बाहर नहीं निकले। उनके अनुसार, हमलावरों ने घर के बाहर खड़ी गाड़ी को भी नुकसान पहुंचाया।
पुलिस कमांडो खजान के मुताबिक, गश्त के दौरान किठवाड़ी पुल के पास कुछ युवक चेहरे पर कपड़ा बांधे दिखाई दिए। संदेह होने पर टीम ने उनका पीछा किया। युवक वहां से एक गली में पहुंचे और मकान के दरवाजे व खिड़कियों में तोड़फोड़ करने लगे। टीम ने हस्तक्षेप कर एक युवक को दबोच लिया।
घटना पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। सामने आए फुटेज में छह नकाबपोश युवक लाठी-डंडे लेकर मकान की ओर आते और तोड़फोड़ करते दिखाई देते हैं। कमांडो टीम के पहुंचने पर वे भागने की कोशिश करते हैं। इस दौरान एक युवक कमांडो पर डंडे से वार करता दिखता है, जिसे जवान पकड़ लेता है। अन्य युवक मौके से निकल जाते हैं।
इरशाद मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर के रहने वाले हैं। वह करीब 16 साल से पलवल में व्यापार कर रहे हैं और किराए के मकान में रहते हैं। उनका कहना है कि वह हमलावरों को नहीं पहचानते। उन्होंने घटना वाली रात ही पुलिस को शिकायत दी थी।
किठवाड़ी चौकी इंचार्ज मुकेश कुमार ने बताया कि एक आरोपी पुलिस हिरासत में है। हमले की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। अन्य आरोपियों की तलाश और मामले की जांच जारी है।
![]()











