पंचकूला में दशहरा पुतलों के लिए डेढ़ लाख एडवांस लेकर काम अधूरा छोड़ने का आरोप, पुलिस को शिकायत

4
Panchkula News

पंचकूला। सेक्टर-4 के श्री रामलीला युवा मंच ने दशहरा महोत्सव के लिए पुतले बनाने वाले आगरा के कारीगरों पर डेढ़ लाख रुपये एडवांस लेकर काम अधूरा छोड़ने का आरोप लगाया है। संस्था ने सेक्टर-5 थाने में शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आयोजन प्रभावित न हो, इसके लिए अब स्थानीय कारीगरों से पुतले तैयार करवाए जा रहे हैं।

मंच के विनीत ठकराल के अनुसार, 20 अक्टूबर को परेड ग्राउंड में प्रस्तावित दशहरा महोत्सव के लिए रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के 100-100 फीट ऊंचे पुतले बनाने का समझौता हुआ था। आगरा के खंदारी निवासी एजान खान और बादशाह के साथ कुल ढाई लाख रुपये में काम तय किया गया था।

तीन किस्तों में दिया एडवांस
ठकराल ने बताया कि समझौते के समय 50 हजार रुपये का चेक दिया गया। इसके बाद पंचकूला आने पर 50 हजार रुपये नकद और फिर सामान के लिए 50 हजार रुपये दिए गए। इस तरह कुल डेढ़ लाख रुपये एडवांस का भुगतान किया गया।

आरोप है कि कारीगर बाकी काम आगरा से तैयार करके तीन दिन में लौटने की बात कहकर चला गया। उसे 16 अक्टूबर तक वापस आना था, लेकिन वह नहीं लौटा। संपर्क करने पर फोन बंद मिला।

स्थानीय कारीगरों से पूरा कराया जा रहा काम
करीब 40 वर्षों से रामलीला का मंचन कर रही संस्था पहली बार दशहरा महोत्सव आयोजित कर रही है। आयोजकों के अनुसार, पूरे कार्यक्रम की लगभग 20 लाख रुपये की वित्तीय व्यवस्था जुड़ी हुई है। पुतले समय पर तैयार न होने से आयोजन की तैयारियां प्रभावित हुई हैं।

अब चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली के कारीगरों की मदद ली जा रही है। संस्था का प्रयास है कि 19 अक्टूबर तक तीनों पुतले तैयार कर मैदान में खड़े कर दिए जाएं।

सेक्टर-5 थाना प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि संस्था की शिकायत ईमेल से मिली है और जांच जारी है। फिलहाल एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि नहीं हुई है।

Loading