गुरुग्राम में नीतू हत्याकांड: कीमती सामान सुरक्षित मिलने से लूट की कहानी पर संदेह, आरोपियों की तलाश में छह टीमें

3
Gurugram News

गुरुग्राम। दौलाह गांव में 35 वर्षीय नीतू की हत्या के मामले में पुलिस सीसीटीवी फुटेज और घर की परिस्थितियों के आधार पर जांच कर रही है। पति प्रशांत के अनुसार, घर से कोई कीमती सामान गायब नहीं है, जबकि अलमारियों का सामान बिखरा मिला। पुलिस को आशंका है कि हत्या के बाद जांच भटकाने के लिए लूटपाट का दृश्य बनाया गया।

सीसीटीवी में बाइक पर दिखे तीन युवक
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे के बाद तीन युवक बाइक से पहुंचे। इनमें से दो घर में दाखिल हुए, जबकि तीसरा वहां से चला गया। दोनों करीब 44 मिनट तक घर में रहे। बाद में तीसरा साथी बाइक लेकर लौटा और तीनों वहां से निकल गए।

फुटेज के आधार पर युवकों की पहचान और उनके आने-जाने के रास्तों का पता लगाया जा रहा है। अभी किसी आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी नहीं है।

जेवर सुरक्षित, प्रवेश पर तोड़फोड़ नहीं
जांच में घर की अलमारियों के लॉकर टूटे और सामान फर्श पर बिखरा मिला। हालांकि, नीतू के जेवर और घर का अन्य महंगा सामान सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई है। मुख्य दरवाजे तथा खिड़कियों पर जबरन प्रवेश के निशान भी नहीं मिले।

प्रशांत ने आशंका जताई कि आरोपी हत्या के इरादे से आए थे। पुलिस इस पहलू के साथ पहले रेकी किए जाने की संभावना भी जांच रही है। आशंका है कि आरोपियों को परिवार की दिनचर्या और नीतू के अकेले रहने के समय की जानकारी थी।

परिजनों ने गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार से किया इनकार
पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक शव लेने और अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। शव फिलहाल मॉर्च्युरी में रखा है। परिवार ने जल्द कार्रवाई की मांग की है।

सोहना एसीपी मुकेश कुमार ने बताया कि जांच में क्राइम ब्रांच की चार और सोहना थाने की दो टीमें लगाई गई हैं। टीमों को अलग-अलग स्थानों पर भेजकर आरोपियों की तलाश की जा रही है। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

Loading