पानीपत TDI सिटी में RWA चुनाव की रंजिश पर दो पक्ष भिड़े, घर में घुसकर मारपीट के आरोप

3
Panipat TDI City

पानीपत की TDI सिटी में RWA सचिव एकता बंसल के परिवार और पड़ोस में रहने वाले पुरुषोत्तम वत्स के पक्ष के बीच विवाद मारपीट तक पहुंच गया। एकता के परिवार ने पुरुषोत्तम और उनके साथियों पर घर में घुसकर रॉड-डंडों से हमला करने का आरोप लगाया है। दूसरे पक्ष ने भी एकता और उनके परिवार के खिलाफ शिकायत दी है। सेक्टर-13/17 थाना पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच की जा रही है।

एकता बंसल की बहू शिवानी बंसल की शिकायत के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच सितंबर 2025 में हुए RWA चुनाव के बाद से विवाद चल रहा था। एकता वर्तमान में RWA की सचिव हैं, जबकि पुरुषोत्तम वत्स दिल्ली पुलिस में सिपाही बताए गए हैं। शिवानी का आरोप है कि 22 सितंबर को RWA से जुड़े एक मामले की ऑनलाइन सुनवाई के दौरान पुरुषोत्तम ने एकता पर अभद्र टिप्पणी की थी।

शिकायत के मुताबिक, इसी बात पर बातचीत करने के लिए एकता 27 सितंबर की सुबह करीब साढ़े नौ बजे पुरुषोत्तम के घर गईं। आरोप है कि वहां उनके साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की हुई। शोर सुनकर बेटा उन्हें घर ले आया। परिवार ने पुरुषोत्तम पर धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

शिवानी का कहना है कि करीब एक घंटे बाद पुरुषोत्तम, उनकी पत्नी रीना और अन्य लोग रॉड-डंडे लेकर उनके घर आए। उन्होंने दरवाजा बंद होने के बावजूद जबरन भीतर घुसकर मारपीट की। शिकायत में एकता के सिर और कंधे पर रॉड से वार करने, शिवानी के बाल खींचने और कपड़े फाड़ने के आरोप हैं। शिवानी ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी दो वर्षीय बेटी को थप्पड़ मारकर गिराया गया। परिवार के अनुसार, गेट का शीशा टूटने से मनन बंसल की आंख में कांच के टुकड़े चले गए। परिवार ने घटना का वीडियो रिकॉर्ड करने का दावा किया है।

दूसरे पक्ष ने भी एकता, मनन और शिवानी समेत अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत दी है। थाना प्रभारी एसआई दीपक ने कहा कि पुलिस वीडियो और दोनों पक्षों के आरोपों समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

Loading