रेवाड़ी : जिले के भटसाना गांव स्थित डेयरी परिसर में दबा मिला राजस्थान निवासी निसार का शव मामले में पुलिस ने जांच के बाद अहम खुलासा किया है। पुलिस का दावा है कि निसार को चोरी के शक में पकड़ा गया था और कई लोगों ने उसके साथ मारपीट की। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत होने के बाद शव को डेयरी परिसर में गड्ढा खोदकर दबा दिया गया। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी बताए जा रहे कपड़ा कारोबारी योगेश को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया है।
DSP हेडक्वार्टर संजीव बल्हारा ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि रविवार सुबह करीब 5 बजे धारूहेड़ा के बॉस रोड क्षेत्र में कुछ लोगों ने निसार को चोरी के संदेह में पकड़ा था।
पुलिस के मुताबिक इसके बाद डेयरी संचालक के बेटे गौरव, उसके भाई, कपड़ा कारोबारी योगेश और कुछ अन्य लोगों ने निसार के साथ मारपीट की। पुलिस का दावा है कि मारपीट के दौरान निसार को गंभीर चोटें आईं और कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई।
निसार की मौत के बाद आरोपियों ने पुलिस को सूचना देने के बजाय शव को छिपाने की कथित योजना बनाई। पुलिस जांच में सामने आया है कि गौरव शव को अपनी गाड़ी में डालकर गांव भटसाना स्थित डेयरी परिसर में ले गया।
आरोप है कि वहां साथियों की मदद से करीब तीन फीट गहरा गड्ढा खोदा गया और निसार के शव को उसमें दबा दिया गया। पुलिस के अनुसार डेयरी में काम करने वाले कुछ श्रमिकों ने यह घटनाक्रम देख लिया था। बाद में मामले की जानकारी सामने आने पर पुलिस तक सूचना पहुंची।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में उस स्थान से मिट्टी हटवाई गई, जहां शव दबाए जाने की जानकारी मिली थी। इसके बाद शव को बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
मृतक की पहचान राजस्थान के अलवर जिले के दमदमा गांव निवासी निसार के रूप में हुई। पहचान स्थापित होने के बाद पुलिस ने उसके परिवार से संपर्क किया और मामले की जांच आगे बढ़ाई।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि शव को छिपाने के लिए डेयरी परिसर को ही क्यों चुना गया। शुरुआती जांच में पुलिस का मानना है कि आरोपियों को लगा होगा कि डेयरी में बाहरी लोगों की आवाजाही कम होने के कारण शव के बारे में जल्दी पता नहीं चलेगा। हालांकि शव छिपाने के पीछे आरोपियों की वास्तविक मंशा और इसमें शामिल प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका विस्तृत पूछताछ के बाद स्पष्ट होगी।
पुलिस ने निसार के पिता जमील की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है। जांच में डेयरी संचालक के परिवार से जुड़े लोगों के अलावा कॉलोनी के कुछ लोगों की भूमिका भी सामने आने का दावा किया गया है। पुलिस अब वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
मुख्य आरोपी बताए जा रहे कपड़ा कारोबारी योगेश को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। उससे घटना के पूरे घटनाक्रम, अन्य आरोपियों की भूमिका और शव को ठिकाने लगाने से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में चोरी के संदेह में की गई मारपीट को निसार की मौत का कारण माना जा रहा है। हालांकि मामले में प्रत्येक आरोपी की व्यक्तिगत भूमिका और आपराधिक जिम्मेदारी जांच, फोरेंसिक साक्ष्यों और न्यायिक प्रक्रिया के आधार पर तय होगी।
![]()











