डिवाइडर से टकराई बाइक, 19 वर्षीय इकलौते बेटे की मौत; दो बहनों के सिर से उठा भाई का साया

8
Road Accident

हादसे के बाद चार घंटे तक अस्पताल में चला इलाज

हरियाणा के पानीपत में शनिवार शाम एक सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की जान चली गई। हादसा निंबरी गांव के पास हुआ, जहां बाइक डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत सनौली रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

डॉक्टरों ने युवक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन करीब चार घंटे तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद रात नौ बजे उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

मृतक की पहचान पानीपत की विद्यानंद कॉलोनी निवासी प्रिंस के रूप में हुई है। महज 19 साल की उम्र में उसकी मौत से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।

परिवार का इकलौता बेटा था प्रिंस

प्रिंस अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी दो छोटी बहनें हैं, जिनके लिए वह इकलौता भाई था। परिवार के लिए प्रिंस केवल बेटा ही नहीं, बल्कि भविष्य की उम्मीद और बुढ़ापे का सहारा भी था। उसकी असमय मौत ने माता-पिता को गहरे सदमे में डाल दिया है।

दो छोटी बहनों के सिर से भाई का साया उठ गया। जिस घर में कभी खुशियां गूंजती थीं, वहां अब मातम पसरा है। बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार के सदस्यों को इस दुखद घटना पर यकीन करना मुश्किल हो रहा है।

पहले भी बेटे को खो चुका था परिवार

इस हादसे ने परिवार के पुराने जख्म भी ताजा कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, परिवार पहले भी अपने एक बेटे को बचपन में खो चुका था। ऐसे में प्रिंस की मौत ने माता-पिता को एक बार फिर असहनीय दुख में डाल दिया है।

जिस बेटे से परिवार को भविष्य में सहारे की उम्मीद थी, उसकी अर्थी उठने से पूरे परिवार की दुनिया उजड़ गई। 19 वर्षीय युवक की असमय मौत ने इलाके में भी शोक का माहौल पैदा कर दिया। सड़क हादसे में एक परिवार की खुशियां छिन जाने की यह घटना हर किसी को भावुक कर रही है।

Loading