सपना के भाई समेत 4 घायल
रोहतक में ऑनर किलिंग से जुड़े मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। पुलिस ने रविवार देर रात एक मुठभेड़ के दौरान सपना हत्याकांड के मुख्य आरोपी उसके भाई समेत चार लोगों को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया। यह आरोपी सपना की ऑनर किलिंग के बाद से फरार चल रहे थे और लगातार स्थान बदल रहे थे। पुलिस को इनपुट मिला था कि ये सभी उसके जीजा को मारने की योजना बना रहे हैं, जिसके बाद विशेष टीम को तैनात किया गया।
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को जानकारी मिली थी कि आरोपी एक कार में हथियारों के साथ खरकड़ा रोड की ओर बढ़ रहे हैं। इसके बाद क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से नाका लगाया। गाड़ी को रोकने का प्रयास किया गया तो आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सपना का भाई और तीन अन्य साथी गोली लगने से घायल हो गए। घायल आरोपियों को तुरंत पीजीआई रोहतक में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
जांच में सामने आया कि आरोपी सपना के जीजा पर हमला करने की तैयारी में थे। सपना ने कुछ समय पहले घरवालों की मर्जी के खिलाफ शादी की थी, जिसके बाद परिवार ने नाराज होकर उसकी हत्या कर दी थी। मामले में मुख्य आरोपी फरार हो गए थे और पुलिस उनकी तलाश में थी। इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के पास से हथियार, कार और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। प्राथमिक जांच में यह भी पता चला है कि ये लोग पिछले कुछ दिनों से जीजा की रेकी कर रहे थे। पुलिस अब उनके नेटवर्क, मददगारों और हथियारों के स्रोत की जांच कर रही है।
![]()











