रोहतक में हादसे के बाद कार के एयरबैग नहीं खुलने की शिकायत, मालिक ने सेफ्टी फीचर्स पर उठाए सवाल

2
Rohtak News

रोहतक के भिवानी रोड पर पिकअप से टक्कर के बाद कार के एयरबैग नहीं खुलने को लेकर वाहन मालिक ने मारुति सुजुकी के शोरूम और कंपनी से शिकायत की है। सनसिटी हाइट्स निवासी अमन फोगाट का आरोप है कि हादसे के समय ब्रेक भी प्रभावी नहीं हुए। उन्होंने कार के सुरक्षा फीचर्स पर सवाल उठाते हुए कानूनी कार्रवाई की तैयारी करने की बात कही है।

अमन के अनुसार, उन्होंने चार जून 2026 को मारुति सुजुकी विक्टोरिस सीएनजी कार खरीदी थी। उन्होंने बताया कि पांच सितारा सुरक्षा रेटिंग को ध्यान में रखकर इस वाहन का चयन किया था। खरीद के करीब चार महीने बाद हुए हादसे में कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।

उन्होंने बताया कि 29 सितंबर को वह भिवानी रोड पर जा रहे थे। उनकी कार के आगे बोलेरो पिकअप चल रही थी। अमन के मुताबिक, सड़क पर गड्ढा आने के कारण पिकअप चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। उन्होंने भी अपनी कार के ब्रेक लगाए, लेकिन वाहन नहीं रुका और आगे चल रही पिकअप से टकरा गया।

अमन का कहना है कि उस समय कार की रफ्तार करीब 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा थी। टक्कर में आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के बावजूद एयरबैग नहीं खुले। उन्होंने बताया कि सीट बेल्ट लगी होने के कारण वह सुरक्षित बच गए। उनका आरोप है कि हादसे के दौरान अपेक्षित सुरक्षा फीचर्स काम नहीं करने से उनकी जान को खतरा हो सकता था।

एयरबैग नहीं खुलने की शिकायत लेकर अमन शोरूम पहुंचे। उनके अनुसार, वहां उन्हें बताया गया कि सेंसर ‘हीट नहीं होने’ के कारण एयरबैग नहीं खुले। यह स्पष्टीकरण अमन ने शोरूम में हुई बातचीत के हवाले से बताया है।

अमन ने कार को हुए नुकसान का उल्लेख करते हुए इस जवाब पर असंतोष जताया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा रेटिंग के आधार पर वाहन खरीदने के बाद हादसे में एयरबैग नहीं खुलना उनके लिए चिंता का विषय है। अब वह शोरूम और कंपनी के समक्ष अपनी शिकायत रखने के साथ कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहे हैं।

Loading