रोहतक में एक नाबालिग ने दो युवकों पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने तथा कई बार दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। परिजनों की शिकायत के बाद अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) ने किशोरी की काउंसलिंग की और परिवार से भी बातचीत की है।
शिकायत के अनुसार, दोनों युवक बिल्डिंग मैटेरियल की आपूर्ति का काम करते हैं। इसी सिलसिले में उनका परिवार के घर आना-जाना हुआ था। किशोरी का आरोप है कि इस दौरान उन्होंने उसकी तस्वीरें लीं और बाद में AI की मदद से आपत्तिजनक सामग्री तैयार की। इसे सोशल मीडिया पर साझा करने की धमकी देकर उसे डराया गया।
किशोरी ने बताया कि दिसंबर 2025 में पहली बार इंस्टाग्राम पर संदेश भेजकर उसे घर के बाहर बुलाया गया। आरोप है कि तस्वीरें वायरल करने की धमकी देने के बाद उसे जबरन वाहन में बैठाकर कार्यालय ले जाया गया, जहां दोनों युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
शिकायत में जनवरी और मार्च 2026 में भी धमकाकर बुलाने तथा दुष्कर्म करने के आरोप लगाए गए हैं। किशोरी के अनुसार, आरोपियों ने सोशल मीडिया के अलावा उसकी मां के मोबाइल नंबर पर भी संपर्क किया था। मना करने पर आपत्तिजनक सामग्री सार्वजनिक करने की धमकी दी जाती थी।
किशोरी का आरोप है कि 5 अक्टूबर को एक युवक उसे जबरन अपने साथ ले गया और दुष्कर्म किया। किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। घर लौटते समय वह चक्कर आने से गिर गई। परिजनों के पूछने पर उसने घटनाक्रम बताया। इसके बाद परिवार ने डायल-112 पर सूचना देकर पुलिस को बुलाया।
सीडब्ल्यूसी के चेयरमैन एडवोकेट सतीश कौशिक ने बताया कि मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ है। पुलिस के अनुसार, शिकायत के आधार पर जांच जारी है और दोनों आरोपियों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। कथित AI सामग्री और अन्य आरोपों की पुष्टि जांच के दौरान होगी।
![]()











