मतदाता सूची की शुद्धता लोकतंत्र की मजबूती का आधार: रामकुमार गौतम
पर्यावरण दिवस पर विधायक ने किया पौधरोपण
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों के विधायक रामकुमार गौतम ने सैनी धर्मशाला में आयोजित बैठक में कार्यकताओं को संबोधित करते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में सहयोग देने के लिए आहवान किया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया का आधार है। इस अवसर पर पूर्व विधायक कलीराम पटवारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। लोगों को संबोधित करते हुए विधायक रामकुमार गौतम ने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना चाहिए तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि को समय रहते ठीक करवाना आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी मतदाता सूची की जांच करवाने के लिए प्रेरित करें। विधायक ने कहा कि लोकतंत्र में मतदान केवल अधिकार ही नहीं बल्कि एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार के प्रति सजग रहना चाहिए। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से आह्वान किया कि जो युवा निर्धारित आयु पूर्ण कर चुके हैं, वे अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाएं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा समय-समय पर चलाए जाने वाले पुनरीक्षण अभियानों का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना है ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने दस्तावेजों की जांच कर आवश्यक संशोधन, नाम जोड़ने अथवा अन्य संबंधित कार्य निर्धारित समयावधि में पूरा करें। इस दौरान विधायक रामकुमार गौतम ने लोगों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनकी मांगों को पूरा करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास एवं जनहित के कार्य उनकी प्राथमिकता हैं और जनता के सहयोग से विकास कार्यों को गति दी जाएगी।
![]()











