सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रशासन की ओर से सफीदों उपमंडल के गांव मुआना में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ बीडीपीओ प्रवीण कुमार ने किया। इस दौरान विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों पर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी हासिल की। शिविर में 19 विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए, जहां संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने पात्र नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया और दस्तावेजों की जानकारी भी दी। करीब 200 ग्रामीणों ने शिविर में पहुंचकर विभिन्न योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की। बीडीपीओ प्रवीण कुमार ने शिविर में लगाए गए विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से मौके पर उपलब्ध करवाई जा रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले प्रत्येक नागरिक को उसकी जरूरत के अनुसार सरकारी योजना और सेवा की सही जानकारी उपलब्ध करवाई जाए। पात्र लोगों के आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई भी प्राथमिकता से करने को कहा गया। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं और जनकल्याणकारी सेवाओं को पात्र लोगों तक सहज एवं बिना किसी बाधा के पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ लेने के इच्छुक नागरिकों को आवेदन प्रक्रिया के संबंध में पूरी जानकारी दी जाए, ताकि जानकारी के अभाव में कोई पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे।
![]()










