सफीदों में गहराया एलपीजी गैस संकट संकट

12
Safidon protest

गुस्साए उपभोक्ताओं ने पुरानी मंडी गेट पर जड़ा ताला

लोगों का आरोप: सफीदों में खुलकर हो रही है गैस की कालाबाजारी 

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों की पुरानी अनाज मंडी में घरेलू गैस की किल्लत को लेकर शुक्रवार को उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा और आक्रोशित लोगों ने पुरानी अनाज मंडी गेट पर ताला जड़ दिया। अचानक हुई इस तालाबंदी से मंडी में आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। इस दौरान उपभोक्ताओं में भारी रोष देखने को मिला। मामले की सूचना सफीदों प्रशासन व पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर सिटी थाना से सब-इंस्पेक्टर दीपक मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत करने का प्रयास किया। दरअसल शुक्रवार को पुरानी अनाज मंडी में हर रोज की तरह उपभोक्ताओं की बड़ी लाईन लगी हुई थी। इंडेन गैस एजेंसी की गाड़ी करीब 40 सिलेंडर लेकर पहुंची, लेकिन कुछ ही देर में सिलेंडर खत्म होने की घोषणा कर दी गई। इससे नाराज उपभोक्ताओं ने तुरंत मंडी गेट बंद कर तालाबंदी कर दी। उपभोक्ताओं का कहना था कि उपभोक्ता सुबह करीब 5 बजे से लाइन में लग जाते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ता है और कई बार खाली हाथ लौटना पड़ता है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि गैस की बुकिंग के बावजूद घर-घर डिलीवरी नहीं की जा रही, जबकि उनसे डिलीवरी चार्ज वसूला जा रहा है। मजबूरी में लोगों को भीषण गर्मी में खुद सिलेंडर लेने आना पड़ रहा है। इसके अलावा उनका आरोप यह भी था कि क्षेत्र में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी भी बढ़ती जा रही है। घरेलू गैस सिलेंडर ब्लैक में कीमत करीब 2000 रुपये पहुंच गई है और यह सब गैस एजेंसियों के संरक्षण से चल रहा है। कई उपभोक्ताओं का कहना था कि उनकी डीएससी पिछले कई महीनों से कटी हुई है, लेकिन उन्हे आज तक सिलेंडर मुहैया नहीं है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गैस वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाया जाए, एजेंसियों की मनमानी पर सख्ती से रोक लगाई जाए और उपभोक्ताओं को नियमित रूप से उनके घर पर गैस उपलब्ध कराई जाए। वहीं पुलिस ने लोगों को भरोसा दिया कि गाड़ी आते ही पुलिस की मौजूदगी में वितरण करवाया जाएगा। पुलिस के आश्वासन के बाद उपभोक्ताओं ने मंडी गेट का ताला खोल दिया। गैस एजेंसी संचालक अमित कुंडू का कहना है कि गैस की सप्लाई नियमित है, लेकिन शुक्रवार को कम आपूर्ति आने के कारण समस्या उत्पन्न हुई। उन्होंने भरोसा दिलाया कि गाड़ी आने वाली है और सभी को गैस सिलेंडर वितरित किए जाएंगे। उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की समस्या नहीं आने दी जाएगी।

Loading