फरीदाबाद के बॉक्सर सागर नरवत ब्रिटिश संसद परिसर में सम्मानित, खेल उपलब्धियों और निशुल्क प्रशिक्षण के लिए मिला प्रमाणपत्र

3
Sagar Narwat

फरीदाबाद। खेड़ी कलां गांव निवासी पेशेवर मुक्केबाज सागर नरवत को ब्रिटिश संसद परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया गया है। वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन की ओर से आयोजित समारोह में उन्हें खेल उपलब्धियों और जरूरतमंद बच्चों को निशुल्क बॉक्सिंग प्रशिक्षण देने के योगदान के लिए ‘सर्टिफिकेट ऑफ एक्सीलेंस’ प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में सागर के साथ ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया से हरविंदर ‘सिया’ जैन और ब्रिटेन के हाउंस्लो से पॉल स्मिथ भी सम्मानित हुए। सागर के पिता आरम सिंह और भाई नितेश नरवत ने उनकी उपलब्धि पर खुशी जताई। परिवार ने दावा किया कि वह ब्रिटिश संसद में सम्मानित होने वाले पहले भारतीय एथलीट हैं।

सागर का मुक्केबाजी से जुड़ाव बचपन से रहा है। यूट्यूब पर मुकाबले देखकर उनकी इस खेल में रुचि बढ़ी। वर्ष 2010 में उन्होंने फरीदाबाद के द्रोणाचार्य बॉक्सिंग क्लब में किकबॉक्सिंग का प्रशिक्षण शुरू किया। कोच राजीव गोदारा और जय भगवान की सलाह पर उन्होंने वर्ष 2011 से बॉक्सिंग का नियमित अभ्यास किया।

शुरुआती दौर में जिला स्तर पर पदक जीतने के बाद सागर ने राज्य और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। वर्ष 2016 में इंटरनेशनल रूरल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक और बेस्ट बॉक्सर का पुरस्कार हासिल किया। वर्ष 2017 में फिलीपींस में हुए मुकाबले में उन्होंने स्थानीय मुक्केबाज जून मामो को हराया।

वर्ष 2021 में सागर ने राहुल कुमार को हराकर डब्ल्यूबीसी एशिया बॉक्सिंग काउंसिल का कॉन्टिनेंटल सुपर वेल्टरवेट खिताब जीता। सुपर बॉक्सिंग लीग में उनके प्रदर्शन के दौरान उन्हें ‘द शेर’ नाम भी मिला।

ग्रामीण युवाओं को प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए उन्होंने वर्ष 2018 में खेड़ी कलां में बॉक्सिंग और फिटनेस क्लब शुरू किया। उनके यूके जाने के बाद भाई नितेश इस क्लब का संचालन कर रहे हैं।

सागर वर्ष 2023 से पत्नी मातांगी के साथ यूके में रह रहे हैं। वहां वह ‘हैवी हिटर्स बॉक्सिंग एंड फिटनेस एकेडमी’ चलाने के साथ अपना अभ्यास भी जारी रखे हुए हैं। उनके पिता हरियाणा पुलिस से सेवानिवृत्त सब इंस्पेक्टर हैं।

Loading