सोनीपत मां हत्याकांड: जानवी ने ढाई लाख के लेनदेन पर उठाए सवाल, विशाल न्यायिक हिरासत में

2
Sonipat News

सोनीपत में रामेश्वरी उर्फ बबीता हत्याकांड को लेकर उनकी इन्फ्लुएंसर बेटी जानवी ने आरोपी विशाल पर रुपये के लेनदेन और घटना को छिपाने से जुड़े आरोप लगाए हैं। वहीं, पुलिस ने विशाल को रिमांड समाप्त होने के बाद गुरुवार को अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

जानवी का दावा है कि पिछले साल उनकी मां ने विशाल को नया काम शुरू करने के लिए करीब ढाई लाख रुपये उधार दिए थे। उनके मुताबिक, मां के बार-बार मांगने के बावजूद विशाल ने रकम वापस नहीं की। वह काम शुरू होने और जल्द भुगतान करने की बात कहकर टालता रहा। जानवी ने आशंका जताई कि हत्या के पीछे रुपये और संपत्ति से जुड़ा विवाद हो सकता है। पुलिस ने इस वजह की पुष्टि नहीं की है।

जानवी के अनुसार, 2 अक्टूबर को वह अपनी दोस्त के साथ जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने पानीपत गई थीं। विशाल को भी निमंत्रण मिला था, लेकिन वह नहीं गया। उनका कहना है कि उनके जाने के बाद घर पर मां और विशाल मौजूद थे।

जानवी ने आरोप लगाया कि विशाल ने मां की मौत को प्राकृतिक मौत दिखाने की कोशिश की। उनके मुताबिक, विशाल ने पहले अपना एक्सीडेंट होने की बात कहकर उन्हें खानपुर मेडिकल कॉलेज आने को कहा और बाद में मां को वहां लेकर पहुंचा। उन्होंने घटना के समय और अस्पताल पहुंचने के बीच के अंतराल पर सवाल उठाए हैं।

जानवी ने विशाल के नशा करने का आरोप भी लगाया, लेकिन स्पष्ट किया कि घटना वाले दिन नशे में होने की आशंका का उनके पास प्रत्यक्ष सबूत नहीं है।

अपनी भूमिका को लेकर जानवी ने कहा कि पुलिस को उनके खिलाफ कोई सबूत नहीं मिला है। उन्होंने नाम शामिल करने का आधार स्पष्ट करने की मांग की और अदालत जाने की बात कही।

सेक्टर-27 थाना प्रभारी सवित कुमार ने बताया कि जानवी के खिलाफ फिलहाल ठोस सबूत नहीं मिला है, लेकिन उनकी भूमिका की जांच जारी है। पुलिस घटनास्थल के साक्ष्यों, पूछताछ और डिजिटल रिकॉर्ड के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

Loading