गोहाना के मंदिर में पुजारी की संदिग्ध मौत, भाई ने मारपीट का आरोप लगाया; हत्या का केस दर्ज

3
Sonipat News

सोनीपत के गोहाना क्षेत्र के गांव कथूरा स्थित देवी मंदिर में रहने वाले 25 वर्षीय पुजारी सचिन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के भाई अमन ने आरोप लगाया है कि गलत और अश्लील अफवाहों के चलते कुछ अज्ञात लोगों ने सचिन के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हुई। शिकायत के आधार पर बरोदा थाना पुलिस ने हत्या समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कैथल जिले के गांव रोहेड़ा निवासी अमन ने पुलिस को बताया कि सचिन ने करीब सात साल पहले पुजारी का काम शुरू किया था। वह पिछले लगभग तीन साल से कथूरा के देवी मंदिर में पुजारी के तौर पर रह रहा था। अमन के मुताबिक, 8 अक्टूबर की सुबह उसे भाई की मौत की सूचना मिली। इसके बाद वह मौके पर पहुंचा और घटना के बारे में जानकारी जुटाई।

अमन ने शिकायत में आरोप लगाया कि गांव के कुछ अज्ञात लोगों ने अफवाहों के कारण सचिन को लात-घूंसों से पीटा और अन्य चोटें पहुंचाईं। उसका कहना है कि इसी मारपीट के कारण सचिन की मौत हुई। अमन ने अपने भाई अनूप और चचेरे भाइयों के साथ जानकारी लेने के बाद पुलिस को शिकायत दी। उसने आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस की प्रारंभिक कार्रवाई के अनुसार, 7 और 8 अक्टूबर की मध्यरात्रि को सोनीपत कंट्रोल रूम से मंदिर में रहने वाले पुजारी के साथ मारपीट की सूचना मिली थी। इसके बाद बरोदा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। गांव के सरपंच नवीन सचिन को सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बरोदा थाना पुलिस ने 8 अक्टूबर को अमन की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 3(5) के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी सूचना दी गई। मौत की परिस्थितियों और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है।

Loading