सफीदों, (एस• के• मित्तल) : नगर के वार्ड 12 में पेयजल की समस्या पिछले करीब एक माह से लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। बर्फ फैक्ट्री वाली गली में जन स्वास्थ्य विभाग के ट्यूबवेल से पानी के साथ लगातार रेत आने के कारण वार्ड के घरों में रेतीला पानी पहुंच रहा है। पानी में रेत और गंदगी की मात्रा होने के कारण लोग पीने के पानी के लिए तरस गए हैं। समस्या लंबी खिंचने से क्षेत्रवासियों में रोष बढ़ता जा रहा है और लोगों ने जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब एक माह पहले नलों से आने वाले पानी में रेत की मात्रा दिखाई देने लगी थी। शुरुआत में लोगों ने इसे कुछ दिनों की अस्थायी समस्या माना, लेकिन समय बीतने के साथ समस्या दूर होने के बजाय लगातार बनी रही। लोगों का कहना है कि नल खोलते ही पानी के साथ रेत आने लगती है। ऐसे में पीने के पानी के लिए उन्हें दूसरे स्रोतों का सहारा लेना पड़ रहा है।
बाक्स:
शिकायतों के बावजूद नहीं बदले हालात
क्षेत्रवासियों का कहना है कि पेयजल की समस्या को लेकर जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया। इसके अलावा टोल-फ्री नंबर सहित अन्य माध्यमों से भी शिकायतें दर्ज कराई गईं। लोगों के मुताबिक, शिकायत के बाद समस्या के समाधान का आश्वासन तो दिया गया, लेकिन अभी तक उन्हें साफ पानी उपलब्ध नहीं हो पाया है। लंबे समय से समस्या बनी रहने के कारण लोगों का धैर्य अब जवाब देने लगा है। रेत और गंदगी मिले पानी की लगातार आपूर्ति को लेकर क्षेत्रवासियों में स्वास्थ्य संबंधी चिंता भी बनी हुई है। साफ और सुरक्षित पेयजल हर परिवार की बुनियादी जरूरत है। लोगों ने मांग की है कि नया ट्यूबवेल लगाने के लिए जल्द उपयुक्त स्थान की व्यवस्था की जाए, ताकि वार्ड में स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति बहाल हो सके। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो वे विभाग और प्रशासन के खिलाफ आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
बाक्स:
नया ट्यूबवैल लगाने के लिए नहीं मिल रही जगह: एसडीओ
जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ राजेश शर्मा ने बताया कि पेयजल की समस्या विभाग के संज्ञान में है। उन्होंने बताया कि वार्ड नंबर 12 के लिए बर्फ फैक्ट्री वाली गली में ट्यूबवेल लगा हुआ है। ट्यूबवेल में नीचे से पानी के साथ रेत आने की समस्या उत्पन्न हो गई है। ट्यूबवेल की कई बार मरम्मत करवाई गई, लेकिन इसके बावजूद पानी में रेत आने की समस्या दूर नहीं हो सकी। इसके बाद विभाग ने स्थायी समाधान के लिए नया ट्यूबवेल लगाने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि नया ट्यूबवेल लगाने के लिए काफी प्रयास के बावजूद भी अभी तक उपयुक्त जगह उपलब्ध नहीं हो पाई है। ट्यूबवेल लगाने की मशीन भी पहुंच चुकी है। जैसे ही उपयुक्त स्थान उपलब्ध होगा, नया ट्यूबवेल लगाने का काम तत्काल शुरू कर दिया जाएगा।
![]()









