नर्सिंग मानवता की सेवा का सबसे पवित्र माध्यम है : पूनम सिंगला
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : अंतर्राष्ट्रीय नर्सिंग दिवस के अवसर पर जेसीआई सफीदों द ग्रेट द्वारा नगर के सरोज अस्पताल में सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था की अध्यक्ष डा. पूनम सिंगला मित्तल ने की, जबकि अतिथि के रूप में डॉ. शुभम गर्ग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संस्था द्वारा नर्सिंग स्टाफ को पुष्पगुच्छ व उपहार भेंट करके सम्मानित किया गया। नर्सिंग स्टाफ ने भी इस सम्मान के लिए जेसीआई सफीदों द ग्रेट का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी अपनी सेवाएं पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ देने का संकल्प लिया। अपने संबोधन में पूनम सिंगला मित्तल ने कहा कि नर्सिंग सेवा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का सबसे पवित्र माध्यम है। उन्होंने कहा कि नर्सें अस्पतालों में मरीजों की देखभाल करते हुए न केवल उनका उपचार सुनिश्चित करती हैं, बल्कि उन्हें मानसिक संबल और आत्मविश्वास भी प्रदान करती हैं। उन्होंने आगे कहा कि इस सम्मान कार्यक्रम का उद्देश्य उन लोगों को पहचान देना है, जो अक्सर पर्दे के पीछे रहकर समाज की सेवा करते हैं। नर्सिंग स्टाफ का योगदान अमूल्य है और उन्हें समाज में उचित सम्मान मिलना चाहिए। अतिथि डॉ. शुभम गर्ग ने भी नर्सों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि नर्सें डॉक्टर और मरीज के बीच एक मजबूत कड़ी के रूप में कार्य करती हैं। उनकी संवेदनशीलता और सेवा भावना मरीजों के उपचार को प्रभावी बनाती है। इस अवसर पर जेसी जितेंद्र मान, जेसी विपिन मित्तल, जेसी सुमित बिंदलिश, जेसी आशीष कंसल, जेसी नितिन पाहवा और जेसी विकास सूरी सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
![]()







