हरियाणा सरकार ने श्रमिकों और आम लोगों की सुविधा के लिए डिजिटल पहल करते हुए ‘श्रममित्र’ ऐप लॉन्च की है। इस नई व्यवस्था के तहत अब लोग घर बैठे अपनी जरूरत के अनुसार मजदूरों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और काम के लिए सीधे संपर्क कर पाएंगे। श्रम विभाग के अनुसार ऐप पर करीब 75 हजार श्रमिकों का डाटा अपलोड किया गया है।
इस ऐप का शुभारंभ अनिल विज द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से श्रमिकों को रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे और लोगों को भी आसानी से प्रशिक्षित मजदूर उपलब्ध हो सकेंगे। ऐप का उद्देश्य श्रमिकों और काम देने वालों के बीच सीधे संपर्क को मजबूत करना है।
अधिकारियों के मुताबिक इस प्लेटफॉर्म पर विभिन्न क्षेत्रों के श्रमिकों का पंजीकरण किया गया है, जिनमें राजमिस्त्री, पेंटर, इलेक्ट्रिशियन, प्लंबर, बढ़ई और अन्य तकनीकी कार्य करने वाले मजदूर शामिल हैं। लोग अपनी जरूरत के अनुसार श्रमिकों की उपलब्धता, कार्य क्षेत्र और संपर्क जानकारी देख सकेंगे। वहीं श्रमिक भी अपने मोबाइल के जरिए काम की मांग और उपलब्ध अवसरों की जानकारी प्राप्त कर पाएंगे।
सरकार का मानना है कि इस डिजिटल पहल से असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को बड़ा लाभ मिलेगा। इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और बिचौलियों की भूमिका कम होगी। साथ ही श्रमिकों का डाटा एक प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होने से सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में भी आसानी होगी।
राज्य सरकार ने लोगों से इस ऐप का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में ऐप में और सुविधाएं जोड़ी जाएंगी ताकि श्रमिकों और उपभोक्ताओं दोनों को बेहतर सेवाएं मिल सकें।
![]()











